रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 14 नवंबर 2026
शनिवार को सरयूपार गांव स्थित प्रखंड प्रमुख कमला देवी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा/मांझी (सारण)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर जरूरतमंद व्रतियों की मदद के लिए मांझी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि एवं इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रसाद ने सराहनीय पहल की। शनिवार को सरयूपार गांव स्थित प्रखंड प्रमुख कमला देवी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान मांझी प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु अपने परिजनों के साथ पहुंचे। राजेश प्रसाद ने श्रद्धालुओं के बीच बांस से बने सूप, मौसमी फल, नारियल सहित छठ पूजा में उपयोग होने वाली विभिन्न आवश्यक सामग्रियां वितरित कीं। पूजन सामग्री प्राप्त कर जरूरतमंद व्रतियों के चेहरे खिल उठे। श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में छठ पूजा की आवश्यक सामग्री मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है। अब वे बिना किसी चिंता के पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ छठी मैया की आराधना और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने का अनुष्ठान संपन्न कर सकेंगे। इस मौके पर राजेश प्रसाद ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, लोक परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर व्रतियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरण का अभियान वे प्रत्येक वर्ष चलाते हैं और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छठी मैया और भगवान भास्कर की असीम कृपा से उन्हें समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करने की प्रेरणा और अवसर मिलता रहता है। उनका प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी श्रद्धालु के छठ व्रत के अनुष्ठान में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

