रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 13 नवंबर 2026
16 वर्षों से छठ व्रतियों की सेवा कर रहे शिक्षक मंटू सिंह, 250 छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री व साड़ियों का किया वितरण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर एकमा प्रखंड के गंगवा गांव स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को सेवा व सहयोग की अनूठी मिसाल देखने को मिली। विद्यालय के शिक्षक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह की ओर से पोषक क्षेत्र के लगभग 250 छठ व्रतियों के बीच छठ पूजन सामग्री एवं साड़ियों का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे। पूजन सामग्री व साड़ी प्राप्त करने के बाद छठ व्रतियों के चेहरे पर खुशी व संतोष की झलक दिखाई दी। विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं ने शिक्षक मंटू सिंह को आशीर्वाद देते हुए छठी मईया और भगवान भास्कर से उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बुजुर्ग महिलाओं का स्नेह और आशीर्वाद इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। इस अवसर पर शिक्षक आशुतोष कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर छठ व्रतियों की सेवा और सहयोग के उद्देश्य से उनके द्वारा प्रत्येक वर्ष पूजन सामग्री एवं अंगवस्त्र वितरण का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष यह सेवा आयोजन लगातार 16वें वर्ष भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और आत्मिक संतोष का विषय है। इस पुनीत कार्य में शिक्षक मंटू सिंह को मिंटू श्रीवास्तव, उमेश प्रसाद, ऋषिकांत श्रीवास्तव, भीम महतो, केशव कुमार सहित आसपास के ग्रामीणों ने पूजन सामग्रियों के वितरण कार्य में सहयोगी की भूमिका निभाई। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।उधर आसपास के ग्रामीणों ने शिक्षक मंटू सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और सेवाभावी कार्यों से समाज में आपसी सहयोग, सद्भाव व सेवा की भावना मजबूत होती है।

