AMIT LEKH

Post: पंचायत सहायकों ने मानदेय वृद्धि सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

पंचायत सहायकों ने मानदेय वृद्धि सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट : 

ज्ञापन में पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि, सेवा नियमावली का निर्माण, विभागीय सुविधाओं की उपलब्धता तथा अन्य लंबित मांगों के समाधान की मांग की गई है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन, जनपद शाखा महराजगंज ने पंचायत सहायकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर निदेशक पंचायती राज विभाग तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

फोटो : चिश्ती

ज्ञापन में पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि, सेवा नियमावली का निर्माण, विभागीय सुविधाओं की उपलब्धता तथा अन्य लंबित मांगों के समाधान की मांग की गई है। यूनियन के जिला अध्यक्ष सुरेश चन्द्र सौरभ के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायत सहायक ग्रामीण विकास एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक न तो स्पष्ट सेवा नियमावली मिली है और न ही कार्य के अनुरूप सुविधाएं एवं सम्मानजनक मानदेय।

छाया : अमिट लेख

ज्ञापन में प्रमुख रूप से पंचायत सहायकों के लिए ऑनलाइन स्थानांतरण नीति लागू करने, पंचायत सहायक पोर्टल विकसित करने, ग्राम पंचायत सचिवालयों में आवश्यक फर्नीचर व कंप्यूटर उपकरण उपलब्ध कराने, प्रत्येक पंचायत सहायक को विभागीय मोबाइल फोन देने तथा ग्राम पंचायतों में इंटरनेट और फोटोस्टेट की सुविधा विकसित करने की मांग की गई है।

इसके अलावा पंचायत सहायकों का मासिक मानदेय वर्तमान ₹6000 से बढ़ाकर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष लगभग ₹30,000 प्रतिमाह किए जाने, स्पष्ट सेवा नियमावली बनाने, महिलाओं के लिए मातृत्व अवकाश की व्यवस्था, पदोन्नति में 50 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, आयुष्मान कार्ड, विभागीय पहचान पत्र तथा निर्धारित ड्रेस कोड लागू करने जैसी मांगें भी शामिल हैं।

प्रमुख मांगें

यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 15 जून 2026 से समस्त पंचायत सहायक चरणबद्ध आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन पर पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के जिला अध्यक्ष सुरेश चन्द्र सौरभ सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Recent Post