AMIT LEKH

Post: बाबा महेंद्रनाथ धाम को काशी विश्वनाथ की तर्ज पर कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव

बाबा महेंद्रनाथ धाम को काशी विश्वनाथ की तर्ज पर कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 24 सितम्बर 26

पर्यटन-उद्योग समिति के सभापति व सदस्य विधायकों ने मंदिर परिसर में की पूजा-अर्चना

विधानसभा की पर्यटन-उद्योग समिति के सभापति व एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह के नेतृत्व में समिति के सदस्यों की टीम ने बाबा महेंद्रनाथ धाम पहुंचकर पर्यटन की संभावनाओं का किया अवलोकन

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

के के सिंह सेंगर

–  अमिट लेख
छपरा/एकमा (सारण)। बिहार के सारण जिले के एकमा प्रखंड के रसूलपुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती सीवान जिले के सिसवन प्रखंड के रामगढ़ पंचायत के मेंहदार स्थित प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ धाम मंदिर को वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है।

फोटो : के.के. सिंह सेंगर

यह प्रस्ताव भाजपा नेता और एकमा प्रखंड के देवपुरा गांव निवासी सूर्य नंदन शाही एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों के द्वारा बिहार विधानसभा की पर्यटन-उद्योग संबंधी समिति के सभापति एवं समिति के चार विधायक सदस्यों व सिवान के डीडीसी के समक्ष गुरुवार को मंदिर परिसर में पहुंचने पर प्रस्तुत किया गया है। इसकी जानकारी सारण जिला भाजपा के वरिष्ठ नेता सुदामा तिवारी एवं सूर्यनंदन शाही ने दी है।

छाया : अमिट लेख

गुरुवार को बिहार विधानसभा की पर्यटन-उद्योग संबंधी समिति के सभापति एवं एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह के नेतृत्व में समिति के सदस्यों की टीम में शामिल सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामानंद मंडल, खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के विधायक बाबलू कुमार तथा महिषी विधानसभा क्षेत्र के विधायक गौतम कृष्ण आदि की टीम ने बाबा महेंद्रनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद टीम ने मंदिर परिसर एवं आसपास के विभिन्न स्थलों का अवलोकन कर यहां पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के संबंध में जानकारी ली। टीम ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

छाया : अमिट लेख

इस दौरान मंदिर परिसर में नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह के द्वारा सभापति मनोरंजन कुमार सिंह उर्फ धूमल सिंह एवं टीम के मौजूद सदस्यों को अंग वस्त्र प्रदान करके स्वागत किया गया। प्रस्ताव के अनुसार बाबा महेंद्रनाथ धाम परिसर को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके तहत श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ-साथ मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत संरचना के विकास तथा पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं को विकसित करने पर विचार किया गया है।

छाया : अमिट लेख

यदि प्रस्ताव अमल में आता है तो धाम के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ने के साथ राज्य सरकार को राजस्व की प्राप्ति भी हो सकती है। निरीक्षण के दौरान सीवान के संबंधित डीडीसी, पदाधिकारी, सिसवन के अंचलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

छाया : अमिट लेख

वहीं इस दौरान भाजपा नेता सुदामा तिवारी, सूर्यनंदन शाही, जदयू नेता जितेंद्र सिंह, सत्येंद्र भवानी, रामगढ़ पंचायत के मुखिया सत्येंद्र भारती सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे। इसके पूर्व सारण जिले में बलिया कोठी के समीप भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सूर्यनंदन शाही व क्षेत्रीय ग्रामीणों के नेतृत्व में पर्यटन समिति के सभापति एवं सदस्यों का स्वागत किया गया।

छाया : अमिट लेख

वहीं चैनपुर में क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति संजय सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने टीम का स्वागत एवं अभिनंदन किया। बिहार विधानसभा की पर्यटन-उद्योग संबंधी समिति का गठन पर्यटन एवं उद्योग से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए किया गया है। उल्लेखनीय है कि एकमा के एनडीए समर्थित जदयू विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह इसके सभापति हैं।

प्रस्तावित विकास योजना/कॉरिडोर में मिलेंगी ये सुविधाएं :

भाजपा नेता सूर्यनंदन शाही और ग्रामीणों के द्वारा समिति को दिए गए प्रस्ताव में मेंहदार धाम के प्रस्तावित विकास प्लान में धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं आधुनिक जनसुविधाओं को शामिल किया गया है।
🔹 मुख्य आकर्षण: मौजूदा मंदिर गर्भगृह के साथ झील के बीच भगवान शिव की विशाल प्रतिमा एवं जलप्रपात।
🔹 धार्मिक क्षेत्र: 12 ज्योतिर्लिंग मंडप, शिवलिंग मंडप, वृत्ताकार प्रदक्षिणा पथ, पवित्र अक्ष मार्ग और भव्य महाद्वार।
🔹 अनुष्ठान एवं आध्यात्मिक सुविधाएं: यज्ञशाला, योग-ध्यान एवं सत्संग के लिए बहुउद्देशीय आध्यात्मिक हॉल।


🔹 हरित एवं सांस्कृतिक क्षेत्र: शिव वाटिका, विष्णु वाटिका, सांस्कृतिक विरासत गैलरी तथा वैदिक ज्ञान परिसर।
🔹 ज्ञान एवं संग्रहालय: वैदिक पुस्तकालय, व्याख्यात्मक संग्रहालय और डिजिटल ज्ञान केंद्र का प्रस्ताव।
🔹 श्रद्धालु सुविधाएं: आच्छादित कतार प्रबंधन परिसर, प्रसाद काउंटर, भोगशाला, सुरक्षा केंद्र, शौचालय, स्नानघर और पार्किंग।
🔹 पर्यटन सुविधाएं: पवित्र झील, नियंत्रित नौकायन एवं कायाकिंग, परिधि परिक्रमा पथ तथा प्रतीकात्मक कांवर यात्रा मार्ग।
🔹 जनसुविधा एवं मनोरंजन: बच्चों का पार्क, मेला क्षेत्र, स्थानीय दुकानों एवं धार्मिक सामग्री के लिए वाणिज्यिक आर्केड।
🔹 अन्य व्यवस्था: वीआईपी गेस्ट हाउस, प्रशासनिक एवं सेवा केंद्र तथा सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था का भी प्रावधान।
क्षेत्रीय श्रद्धालु दही बाबा, कमल सिंह सेंगर, अरविंद कुमार सिंह उर्फ अंतिम सिंह आदि ने कहा है कि इस प्रस्ताव के अमल में आने पर बाबा महेंद्रनाथ धाम को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा सकता है।

Leave a Reply

Recent Post