रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 24 सितम्बर 26
नगर निगम के वार्ड 42 में निर्माणाधीन नाला के लिए चिन्हित सरकारी जमीन की दुबारा से पैमाइश का महापौर ने दिया आदेश
कचरा और गाद से ओवर फ्लो होकर जगह जगह जल जमाव की शिकायत पर महापौर ने दिया तत्काल प्रभाव से नाला का तल से सफाई करने का आदेश
न्यूज़ डेस्क, ए,एल,न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर निगम के वार्ड 42, सनसरैया में जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कराये जा रहे नाला निर्माण कार्य के दौरान अतिक्रमण हटाने को लेकर उत्पन्न विवाद की जानकारी मिलने पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों के विरोध को शांत कराया।

महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि कतिपय लोगों द्वारा सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए मिट्टी कटाई का काम रोक दिये जाने पर तत्काल दुबारा मापी कराने का आदेश दिया गया है। महापौर ने कहा कि सरकारी जमीन की मापी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और नियमानुकूल होनी चाहिए। किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं होगा और न ही विकास कार्य में अनावश्यक बाधा स्वीकार की जाएगी। महापौर श्रीमती सिकारिया ने संबंधित कर्मियों को पुनर्मापी के बाद स्पष्ट सीमांकन कर नाला निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने का निर्देश दिया। स्थल निरीक्षण के दौरान स्थानीय महिलाओं ने पुराने नाले के जाम होने से उत्पन्न जलजमाव और गंदे पानी के ओवरफ्लो की समस्या को लेकर आक्रोश जताया। महिलाओं ने बताया कि नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। महापौर ने नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुराने नाले की तत्काल प्रभाव से तल से सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नए नाले का निर्माण पूरा होने तक पुराने जलनिकासी मार्ग को चालू और साफ रखना निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सफाई में खानापूर्ति नहीं हो तथा नाले के तल में जमी गाद और कचरे को पूरी तरह हटाया जाए, ताकि जल निकासी सुचारु हो और नागरिकों को गंदे पानी के ओवरफ्लो से राहत मिल सके।








