छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
हाथी, घोड़े, ऊंट व बैंड-बाजों से सजी शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु, 9 जून को पूर्णाहुति व महाप्रसाद के साथ होगा समापन
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। नगर पंचायत एकमा बाजार के भरहोपुर के टोला गंजपर स्थित बिहार सरकार के पूर्व मंत्री गौतम सिंह के आवासीय परिसर में मंगलवार से मानव कल्याण व क्षेत्रीय जनता की खुशहाली की कामना से आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा व भक्ति के वातावरण में हुआ।

महायज्ञ के प्रथम दिन निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हाथी, घोड़े, ऊंट तथा बैंड-बाजों से सुसज्जित शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।

कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर नौतन बाजार, शीतलपुर, बरेजा और नरपलिया होते हुए मांझी स्थित सरयू नदी के रामघाट पहुंची। यहां वाराणसी से पधारे यज्ञाचार्य पंडित सुमित दुबे के सानिध्य में पंडित अखिलेश पाण्डेय, पवन अवस्थी तथा पुरोहित विपिन मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं से जलभरी कराई।

इसके बाद श्रद्धालु पवित्र कलश लेकर पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर महायज्ञ का शुभारंभ कराया गया। पूरे मार्ग में जय श्रीराम, जय हनुमान और जय बजरंगबली के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं की आस्था व उत्साह ने धार्मिक आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की। आयोजक शिक्षाविद ई. जयप्रकाश सिंह ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वाराणसी के प्रसिद्ध कथा वाचक डॉ. अमरेंद्र दुबे द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। इसके अलावा दैनिक पूजन, हवन, आरती एवं विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर प्रवचन का आयोजन भी होगा। उन्होंने बताया कि 9 जून को हवन, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का समापन किया जाएगा। कलश यात्रा में पूर्व मंत्री गौतम सिंह, महात्तम सिंह, शिवजी सिंह, ओमप्रकाश सिंह, ई जयप्रकाश सिंह, वार्ड पार्षद रंजीत कुमार सिंह उर्फ युगूल सिंह, प्रदीप सिंह पप्पू, मनोज कुमार सिंह उर्फ पप्पू भैया, मुखिया सुमित सिंह, दीपक सिंह चुल्लू, विनोद सिंह, राकेश सिंह उर्फ सीटी सिंह, लालबाबू सिंह, योगेश कुमार सिंह, काजू सिंह, मुकेश सिंह, राजू सिंह, धनंजय सिंह, कौशल्या देवी, अंजू देवी, कांति देवी, रमन देवी, प्रतिभा देवी, संध्या सिंह, अनामिका सिंह, विनीता देवी, रिपु देवी आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।








