बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
उप विकास आयुक्त ने कहा कि बेहतर खेल सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने आज बेतिया स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल एवं खेल भवन-सह-व्यायामशाला का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं, रख-रखाव एवं प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने इंडोर बैडमिंटन हॉल की प्रकाश व्यवस्था एवं रख-रखाव को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। वहीं खेल भवन-सह-व्यायामशाला में खिलाड़ियों के लिए जिम उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने तथा आवश्यक उपस्करों की मांग से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया। उन्होंने खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल देते हुए विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने, नियमित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर खेल सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित सहित कार्यपालक सहायक अमरेन्द्र कुमार सिंह, कोच रवि रंजन, शारीरिक शिक्षक संजय श्रीवास्तव, विक्रांत वीर, अजय मिश्र एवं आशीष वर्मा सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।








