हमारे महराजगंज जिला ब्यूरो की निचलौल से रिपोर्ट :
अभ्यास के दौरान नाव पलटने की काल्पनिक घटना का दृश्य तैयार किया गया, जिसमें पांच ग्रामीणों के डूबने की स्थिति दर्शाई गई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। प्रदेश सरकार के निर्देश पर गुरुवार को गेडहवा गांव के समीप नहर में बाढ़ के दौरान नाव पलटने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव अभ्यास का आयोजन किया गया।

यह अभ्यास सुबह 11:30 बजे से 12:30 बजे तक राहत एवं बचाव दल पतलावा, जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, ए-समवाय पतलावा, ग्राम प्रधान तथा ग्रामीणों की संयुक्त टीम द्वारा संपन्न कराया गया।

अभ्यास के दौरान नाव पलटने की काल्पनिक घटना का दृश्य तैयार किया गया, जिसमें पांच ग्रामीणों के डूबने की स्थिति दर्शाई गई। राहत एवं बचाव दल के प्रशिक्षित जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

बचाव के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया तथा एम्बुलेंस के माध्यम से बेहतर उपचार के लिए भेजने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, नायब तहसीलदार पियुष जायसवाल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
स्थानीय पुलिस बल ने सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राहत एवं बचाव दल पतलावा के टीम प्रभारी उप निरीक्षक (सामान्य) सौरभ धर दुबे के नेतृत्व में दल के जवानों ने बचाव कार्यों का सफल प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दिनेश शर्मा, आपदा मित्र, ग्रामीणों तथा लगभग 150 बच्चों ने भी सहभागिता की। अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना, बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना तथा आमजन को आपदा के समय सतर्कता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को आपदा के समय अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई।








