बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
सोमवारीय समीक्षा बैठक सम्पन्न, विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा
सहयोग शिविर आवेदनों के निष्पादन, बाढ़ पूर्व तैयारी एवं स्वास्थ्य योजनाओं की हुई विशेष समीक्षा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। बैठक की शुरुआत सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा से हुई। जिला पदाधिकारी ने सभी वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का प्रभावी एवं संतोषजनक निष्पादन कराया जाए।
उन्होंने कहा कि बिना ठोस एवं वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाए तथा प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष एवं संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बुडको द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने गत वित्तीय वर्ष की लंबित योजनाओं को अविलंब प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। साथ ही नई योजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए, तटबंधों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित गति से मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि जीविका, आईसीडीएस एवं शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए। साथ ही जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को फ्लेक्स, बैनर एवं सोशल मीडिया सहित विभिन्न संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक टीबी मरीजों की पहचान कर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके और पश्चिम चम्पारण को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। बैठक में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया एवं खून की कमी की रोकथाम के लिए संचालित विशेष अभियान की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें इंट्रावेनस आयरन इन प्रेग्नेंसी इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर आयुक्त, बेतिया नगर निगम सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, निदेशक, डीआरडीए अरुण प्रकाश, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।








