छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
नियमित टीकाकरण को प्रभावी बनाने पर कार्यशाला आयोजित, माइक्रोप्लान मजबूत करने पर दिया गया जोर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से छपरा शहर स्थित होटल मयूर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) के चिकित्सा अधीक्षक, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) तथा ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम) ने भाग लिया।कार्यशाला का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं में से एक है।

कोरोना महामारी के दौरान यह कार्यक्रम प्रभावित हुआ था, लेकिन अब सरकार इसकी शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। सिविल सर्जन डॉ चौधरी ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड को ऐसा सुदृढ़ माइक्रोप्लान तैयार करना होगा, जिसमें टीकाकरण से जुड़ी सभी जानकारियां स्पष्ट रूप से शामिल हों। इसमें क्षेत्रवार बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की संख्या, लगाए जाने वाले टीकों का विवरण, टीकाकरण सत्रों की संख्या, वैक्सीन की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था सहित सभी आवश्यक बिंदुओं का समुचित उल्लेख होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर माइक्रोप्लान से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित होगा और एक भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित नहीं रहेगा। कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अधिकारियों ने भी नियमित टीकाकरण, माइक्रोप्लान तैयार करने की प्रक्रिया, सत्र संचालन, निगरानी तथा गुणवत्ता सुधार से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर बिहार प्रदेश भाषा के महासचिव सह मांझी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी) डॉ. रोहित कुमार सहित जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को अधिक प्रभावी एवं लक्ष्य आधारित बनाने पर विशेष बल दिया गया।








