छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
एकमा की पूर्व सीडीपीओ मनीषा रानी के मुजफ्फरपुर जिले में टस्थानांतरण के बाद उनकी यहां पदस्थापना की गई है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (एकमा)। एकीकृत बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) एकमा की नई बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) रीना कुमारी ने मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर कार्यभार संभाल लिया।

वह इससे पहले लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड में सीडीपीओ के पद पर कार्यरत थीं। एकमा की पूर्व सीडीपीओ मनीषा रानी के मुजफ्फरपुर जिले में टस्थानांतरण के बाद उनकी यहां पदस्थापना की गई है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद रीना कुमारी ने कहा कि सरकार की सभी जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लाभुकों तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा छह वर्ष तक के बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाएं बेहतर ढंग से मिल सकें। उन्होंने बताया कि पोषण अभियान, पूरक पोषाहार योजना, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और अन्य विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही सेविकाओं एवं पर्यवेक्षिकाओं के सहयोग से कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर आईसीडीएस विभाग की पर्यवेक्षिका रिमझिम कुमारी, रीता कुमारी एवं पूनम कुमारी ने भी योगदान देकर अपना-अपना कार्यभार ग्रहण किया। नई सीडीपीओ के पदभार ग्रहण करने पर समाजसेवी योगेंद्र शर्मा, अधिवक्ता रणधीर सिंह, पप्पू सिंह, आंगनबाड़ी सेविका सीता देवी सहित अनेक लोगों ने उनका स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में एकमा प्रखंड में आईसीडीएस की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा और जरूरतमंद लाभुकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिलेगा।








