संकलन : उप-संपादक छपरा
प्रशिक्षण के दौरान विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई शैक्षणिक सामग्री, गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति, आधारभूत दक्षता सर्वेक्षण की प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों के अधिगम स्तर के मूल्यांकन संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा/रसूलपुर (सारण)। बिहार शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों की भाषा एवं गणितीय दक्षता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एकमा प्रखंड के रसूलपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लाकठ छपरा (सीआरसी) में मंगलवार को बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण में सीआरसी लाकठ छपरा अंतर्गत सभी एनपीएस, प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीआरसी समन्वयक पुतुल कुमारी, संचालिका कृत माला, प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी, सहायक नोडल शिक्षिका अंजना मिश्रा तथा मास्टर ट्रेनर सोनाली नंदा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई शैक्षणिक सामग्री, गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति, आधारभूत दक्षता सर्वेक्षण की प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों के अधिगम स्तर के मूल्यांकन संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि 3 अगस्त तक कक्षा 4 से 8 के विद्यार्थियों का भाषा एवं गणित विषयों में आधारभूत दक्षता सर्वेक्षण कराया जाएगा, ताकि प्रत्येक बच्चे के सीखने के स्तर का सही आकलन कर उसके अनुरूप शिक्षण योजना तैयार की जा सके। मास्टर ट्रेनर सोनाली नंदा ने गतिविधि-आधारित शिक्षण, बच्चों की सीखने की गति के अनुरूप कक्षा संचालन, समूह आधारित अधिगम एवं सतत मूल्यांकन पर विशेष बल देते हुए शिक्षकों से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में पढ़ने, लिखने और गणना करने की बुनियादी क्षमता विकसित करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

सीआरसी समन्वयक पुतुल कुमारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि उनकी वास्तविक शैक्षणिक आवश्यकताओं की पहचान कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी शिक्षकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वेक्षण कार्य पूर्ण करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की। प्रशिक्षण सत्र के अंत में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अभियान को सफल बनाने तथा विद्यार्थियों की बुनियादी अधिगम क्षमता में अपेक्षित सुधार लाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

प्रशिक्षण में प्रधानाध्यापक हेम नारायण राम सहित शिक्षक विनय कुमार सिंह मंटू, राज मोहम्मद अंसारी, शुभम सागर, अभिमन्यु कुमार, सुधीर श्रीवास्तव, विभा कुमारी, स्वाति चौरसिया, नवनीता सिन्हा, नीलम कुमारी, राजा राम राय, राहुल कुमार, मलायका खातून, अंजना कुमारी, अर्चना कुमारी, मनोज कुमार, धर्मेंद्र कुमार विद्यार्थी सहित सीआरसी क्षेत्र के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं
शामिल रहे।








