रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो पटना
अधिकारीयों ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और अनधिकृत स्थानों पर हो रही अवैध पार्किंग वसूली पर तत्काल रोक लगा दी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
पटना /मोतिहारी, (दिवाकर पाण्डेय)। अरेराज में श्रावणी मेला के अवसर पर मेला क्षेत्र में पार्किंग के नाम पर अवैध शुल्क वसूली की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने आज सख्त कार्रवाई की है। अनुमंडल पदाधिकारी अंजली शर्मा के नेतृत्व में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष अरेराज ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और अनधिकृत स्थानों पर हो रही अवैध पार्किंग वसूली पर तत्काल रोक लगा दी। निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए श्री सोमेश्वर उच्च विद्यालय मैदान, कॉलेज स्टेडियम, बहादुरपुर एचपी गैस गोदाम के पास, अरेराज-बेतिया मुख्य मार्ग स्थित काली मंदिर के समीप तथा धर्मदास पोखरा के पास पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ठ किया कि इन सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें तथा कहीं भी पार्किंग शुल्क की मांग होने पर इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें।








