AMIT LEKH

Post: वंदे मातरम् के 150 वर्ष थीम पर सजेगा पश्चिम चम्पारण

वंदे मातरम् के 150 वर्ष थीम पर सजेगा पश्चिम चम्पारण

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया

12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण ने ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के सफल आयोजन को लेकर जिले के सभी विभागों एवं संबंधित पदाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण ने ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के सफल आयोजन को लेकर जिले के सभी विभागों एवं संबंधित पदाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस वर्ष अभियान “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” थीम पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं संविधान के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना तथा अभियान में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

फोटो : मोहन सिंह

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, राकेश कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय में 12 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे समाहरणालय परिसर से हरिवाटिका चौक स्थित गांधी प्रतिमा तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर तिरंगा एवं वंदे मातरम् विषयक प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। समाहरणालय परिसर सहित प्रमुख सरकारी भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर आकर्षक प्रकाश सज्जा एवं सजावट से अलंकृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में तिरंगा यात्रा, ध्वजारोहण, सामूहिक वंदे मातरम् गायन, तिरंगा रंगोली, ऑनलाइन क्विज, चित्रकला, निबंध एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक प्रखंड में जीविका के माध्यम से न्यूनतम 4,000 राष्ट्रीय ध्वजों का क्रय एवं वितरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक परिवार अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकें। जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने, आमजन, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो एवं प्रतिवेदन प्रतिदिन www.harghartiranga.com पर अपलोड कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और गौरव का उत्सव है। आइए, हम सभी अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस अभियान को सफल बनाएं तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।

Leave a Reply

Recent Post