संकलन : छपरा से उप-संपादक
सड़क पर बह रहे गंदे पानी को पार कर स्कूल जाने को विवश हैं बच्चे
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। जिले के एकमा प्रखंड की परसा उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या छह एवं सात में ग्राम कचहरी के सामने सड़क पर वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में पानी जमा रहने और बरसात के दौरान उसके ओवरफ्लो होने से पूरी सड़क जलमग्न हो जाती है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगभग दस वर्षों से यह समस्या जस की तस बनी हुई है, लेकिन अब तक इसके स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच से होकर स्कूली बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय जाना पड़ता है। जलजमाव के कारण फिसलकर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। वहीं दोपहिया वाहनों के चालकों को भी आवागमन में काफी परेशानी होती है।

ग्रामीण योगेश तिवारी, रविन्द्र कुमार, मधुसूदन भगत, राजेश बारी, रामप्रांत राय, भीम यादव एवं अभिषेक यादव ने बताया कि गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया, टायफाइड सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। उनका कहना है कि कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क किनारे समुचित जल निकासी की व्यवस्था कर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और स्कूली बच्चों सहित आम नागरिकों का आवागमन सुरक्षित हो सके।








