रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया
पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप
रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा, “मृतक और आरोपित पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था और यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बगहा पुलिस जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडला गांव में गुरुवार को 35 वर्षीय युवक की हत्या कर शव उसके घर के बाहर फेंक दिए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुंडला गांव निवासी ओम यादव के रूप में हुई है। मृतक के मामा अर्जुन यादव ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर मुकंदर यादव, नन्हक यादव और दीपू यादव ओम को उसके घर से बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि तीनों ने उसकी हत्या करने के बाद शव को टेम्पो से वापस लाकर घर के बाहर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घर के बाहर शव पड़ा देख परिजनों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा, “मृतक और आरोपित पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था और यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। पुलिस इसी विवाद समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।” उन्होंने कहा, “परिजनों के मुताबिक आरोपित उसे बुलाकर ले गए और टेम्पो से लाकर उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। मृतक के सिर पर गंभीर चोट का निशान है।” पुलिस ने घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।








