रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, उप-संपादक
हजारीमल धर्मशाला से त्रिमूर्ति चौक व लाल बाजार चौक से तीन लालटेन चौक तक 1.20 करोड़ की लागत से होगा नाला एवं पीसीसी निर्माण
नगर निगम के वार्ड 17 में पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला निर्माण के लिए जारी निविदा के आधार पर इच्छुक संवेदक कर सकेंगे 25 अगस्त तक दावेदारी
वर्षों से जर्जर सड़क पर आवागमन में होती रही परेशानी और जल जमाव की समस्या से क्षेत्र की जनता और राहगीरों को मिलेगी सुविधा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पर बुडको प्रशासन द्वारा निविदा जारी की गई है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) के स्थानीय परियोजना निदेशक द्वारा इस योजना की निविदा जारी कर दी गई है। ई-टेंडरिंग विधि से जारी निविदा के माध्यम से नगर निगम के वार्ड 17 के लिए इस महत्वपूर्ण योजना की निविदा पर सक्षम और इच्छुक संवेदकों से ई-टेंडरिंग की मानक अर्हताओं के तहत दावेदारी आमंत्रित की गई है। निविदा विज्ञप्ति के अनुसार महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर के हजारीमल धर्मशाला से त्रिमूर्ति चौक तक तथा लाल बाजार चौक से तीन लालटेन चौक तक पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य किया जाना है। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोगों द्वारा जलजमाव और जर्जर सड़क की शिकायत की जा रही थी, अब इस निर्माण से निजात मिलने की उम्मीद है। जारी निविदा के अनुसार इस योजना की प्राक्कलित राशि 1 करोड़ 20 लाख 61 हजार 300 रुपये है। कार्य की अवधि चार माह निर्धारित की गई है। इच्छुक संवेदकों द्वारा 25.08.2026 तक ई-टेंडरिंग पोर्टल www.eproc2.bihar.gov.in के माध्यम से निविदा अपलोड की जा सकती है। इस सड़क और नाला निर्माण के पूर्ण होने से वार्ड 17 के हजारों निवासियों के साथ इस सघन शहरी क्षेत्र के हजारों लोगों के साथ आम राहगीरों के भी आवागमन में सुविधा होगी, साथ ही बरसात के दिनों में होने वाले जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा। महापौर ने बताया कि यह योजना मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत शहर के समग्र विकास को नई गति देगी।








