रिपोर्ट : न्यूज़ ब्यूरो, इंडो-नेपाल बॉर्डर
जन्माष्टमी को लेकर दुकानदारों में भी उत्साह है और पर्व के नजदीक आने के साथ बाजार में और अधिक रौनक बढ़ने की उम्मीद है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
वाल्मीकिनगर, (संतोष कुमार)। आगामी 04 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर वाल्मीकिनगर का बाजार पूरी तरह से सज-धजकर तैयार हो गया है। बाजार में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और जन्मोत्सव की झलक साफ दिखाई दे रही है। जन्माष्टमी को लेकर दुकानों पर बाल कृष्ण की आकर्षक प्रतिमाएं, तस्वीरें, बांसुरी, मुकुट, बाल लला के सुंदर कपड़े, श्रृंगार सामग्री एवं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ी विभिन्न वस्तुएं उपलब्ध हैं। इन आकर्षक सामानों से सजा बाजार लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। श्रद्धालु जन्माष्टमी के अवसर पर अपने घरों में बाल गोपाल की विशेष पूजा एवं सजावट की तैयारी में जुटे हैं। बाजार में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। कान्हा की मनमोहक प्रतिमाओं और रंग-बिरंगे वस्त्रों से सजा बाजार इन दिनों बेहद सुंदर नजर आ रहा है। जन्माष्टमी को लेकर दुकानदारों में भी उत्साह है और पर्व के नजदीक आने के साथ बाजार में और अधिक रौनक बढ़ने की उम्मीद है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के रंग में रंगा वाल्मीकि नगर का बाजार श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।








