AMIT LEKH

Post: मोतिहारी में सीएम बोले-बिहार में खुलेगा नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा

मोतिहारी में सीएम बोले-बिहार में खुलेगा नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा

संकलन : विशेष ब्यूरो, पटना डेस्क

सम्राट चौधरी ने कहा- 5 साल में 1 करोड़ लोगों को मिलेगी नौकरी-रोजगार; जिले में खुलेंगे नई चीनी मिल

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

मोतिहारी, (एक प्रतिनिधि)। बिहार में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) का नया कैंपस स्थापित किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से इसकी स्थापना को सहमति मिलने के बाद CM सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया है। सीएम सम्राट मंगलवार, 1 सितंबर को मोतिहारी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गांधी मैदान से बापूधाम महोत्सव की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में सीएम के साथ ही पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शामिल हुए।

फोटो : विशेष ब्यूरो

मुख्यमंत्री ने इस दौरान जिले को 300 करोड़ रुपए से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। इसमें विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास शामिल है। सीएम ने अपने भाषण में कहा, बिहार में NSD का नया कैंपस स्थापित किया जाएगा। मोतिहारी में नई चीनी मिल खोलने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे कई किसानों को रोजगार भी मिलेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी को करीब 285 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और आधारशिला रखी। इनमें नगर निगम की करीब 78 करोड़ रुपए की योजनाएं भी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मोतिहारी तारामंडल, एमएस कॉलेज में करीब 30 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले खेल स्टेडियम, हवाई अड्डे के पास होमगार्ड मैदान में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इन परियोजनाओं से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, विज्ञान और शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में विकास को गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) का नया कैंपस स्थापित किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से इसकी स्थापना को सहमति मिलने के बाद सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि NSD का नया कैंपस बिहार की समृद्ध नाट्य एवं प्रदर्शन कला परंपरा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे बिहार की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और कलाकारों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। बिहार की सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध रही है। यहां नाटक, लोक कला, संगीत और रंगमंच की मजबूत परंपरा रही है। NSD के नए कैंपस से राज्य के युवा कलाकारों को बेहतर ट्रेनिंग और राष्ट्रीय स्तर के मंच उपलब्ध हो सकेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी की धरती से बिहार के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक क्षेत्र को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा, अगले पांच सालों में सभी गरीब परिवारों को पक्का मकान देने का लक्ष्य है। राज्य के एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साल 2030 के चुनाव से पहले बिहार में रोजगार और विकास के क्षेत्र में बड़े बदलाव दिखाई देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, बिहार को नील की खेती से मुक्त कराने का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को सींचने और विकास की नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस बिहार में कभी खेती के लिए पर्याप्त सिंचाई की व्यवस्था नहीं थी, वहां आज विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस दीदी के माध्यम से छोटी बहनों को सुरक्षा और सहूलियत मिलेगी। उन्हें कोई परेशान नहीं कर सकेगा। सरकार महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा ऐलान करते हुए कहा, बिहार के 700 स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाने की तैयारी चल रही है। इन स्कूलों में करीब तीन लाख बच्चों को मॉर्डन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा, बच्चों की पढ़ाई में समय की बाधा नहीं आने दी जाएगी। अगर किसी बच्चे को रात 11 बजे भी शिक्षक की जरूरत होगी, तो सरकार शिक्षक उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगी। सीएम ने आगे कहा, बिहार के जो पेरेंट्स अपने बच्चों को NEET और JEE की तैयारी के लिए कोटा भेजते थे, अब उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं होगी। इन 700 मॉडल स्कूलों में NEET, JEE समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रात के अंधेरे में भी बच्चों को शिक्षक उपलब्ध कराने की व्यवस्था हमारी सरकार करेगी। सम्राट चौधरी ने कहा कि 15 जुलाई 2026 को एक ही दिन में बिहार में करीब 211 राजकीय डिग्री महाविद्यालय खोले गए हैं। अब इसी साल मैं दोबारा यहां आऊंगा और मेडिकल कॉलेज खोलने का काम करूंगा। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसद राधामोहन सिंह की मांग पर मोतिहारी में बनने वाले तारामंडल की आधारशिला रखी। इससे जिले में शिक्षा, विज्ञान और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सम्राट चौधरी ने बिहार के बजट में हुई वृद्धि का जिक्र करते हुए कहा, जब मैं पहली बार विधायक बना था, तब बिहार का बजट करीब 6 हजार करोड़ रुपए था। आज 2026 में यही बजट बढ़कर 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपए हो गया है। यह बिहार के विकास की गति को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने किसानों के मुद्दे पर कहा, बिहार के किसानों की पहचान चीनी मिलों से भी जुड़ी रही है। किसानों के हित में राज्य में 10 नई चीनी मिलें खोली गई हैं। उन्होंने कहा कि मोतिहारी की पावन धरती पर भी एक नई चीनी मिल खोली जाएगी। इसके लिए सरकार तैयारी कर रही है। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में कृषि, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और संस्कृति के क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में गरीबों को पक्का मकान, युवाओं को रोजगार और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। बापू सभागार में आयोजित कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य मेले तथा उद्यमी उन्नति मेले में 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। तीन दिवसीय कृषि मेले के लिए लगभग 100 स्टॉल हैं, जबकि 17 सितंबर तक चलने वाले उद्यमी उन्नति मेले में भी 100 से अधिक स्टॉल शामिल हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, राष्ट्रीय लीची अनुसंधान संस्थान, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय से जुड़े महाविद्यालयों और विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों के स्टॉल भी प्रमुख आकर्षक रहे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान बगहा और बीएमपी पटना से बुलाए गए अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस संभाल रही है। कुल 12 एसडीपीओ के नेतृत्व में 100 इंस्पेक्टर, 200 दारोगा, 200 जमादार और एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यानी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा में करीब 1,500 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान मोर्चा संभालेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़-सिंचाई से जुड़ी योजनाओं के लिए केंद्र सरकार के सामने 11000 करोड़ रुपए की डिमांड रखी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़-सिंचाई से जुड़ी योजनाओं के लिए केंद्र सरकार के सामने 11000 करोड़ रुपए की डिमांड रखी। सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के साथ मीटिंग में मुख्यमंत्री ने ये डिमांड रखी। मुख्यमंत्री ने इस फंड से पेडिंग हाई डैम से लेकर इंद्रपुरी व कोसी-मेची लिंक परियोजना तक को पूरा कराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश से जल समझौता के रिन्युअल में बिहार के हितों का पूरा ध्यान रखा जाए। इसके लिए राष्ट्रीय गाद प्रबंधन नीति भी बने। बैठक में उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Recent Post