रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क
30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की होगी मुफ्त स्क्रीनिंग री गी मिलने पर नि:शुल्क दवा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। गंभीर बीमारियों की पहचान के लिए अब लोगों को अस्पताल तक पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग खुद लोगों के घर तक पहुंचेगा। आज लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की गयी।

जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर जाकर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी लोगों की स्क्रीनिंग कर बीमारी के संभावित लक्षणों की पहचान करेंगे। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्र यथा पीएचसी, एपीएचसी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर इन सभी स्तर पर भी जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
मधुमेह से कैंसर तक की होगी स्क्रीनिंग
अभियान में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर(मुँह का कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर) हृदय रोग, सांस व फेफड़ों से संबंधित बीमारियों के साथ फैटी लिवर की भी जांच की जाएगी। जांच में बीमारी की पुष्टि होने पर मरीज को आगे के उपचार से जोड़ा जाएगा। साथ ही जरूरत के अनुसार दवाईयां नि:शुल्क उपलब्ध करायी जाएंगी। समय पर पहचान से गंभीर बीमारी पर लगेगी लगाम
स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान खासकर उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं।

घर-घर स्क्रीनिंग के माध्यम से बीमारी की शुरुआती अवस्था में ही पहचान कर उपचार शुरू कराने की कोशिश की जाएगी। अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। अधिकारियों के अनुसार इसका मुख्य उद्देश्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान, उपचार से जोड़ना और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उनके घर के करीब उपलब्ध कराना है।
शुभारंभ कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में माननीय विधान पार्षद सौरभ कुमार, सिविल सर्जन डॉ0 विजय कुमार, एनसीडीओ मुर्तजा अंसारी , जिला कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार और लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर अस्पताल प्रबंधक राहुल कुमार, लेखपाल अमित प्रकाश, प्रधान सहायक संत भास्कर,आनन्द डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. आई. हक, डॉ. जितेंद्र काजी, डॉ. विजय कुमार गुप्ता, डॉ. दरोगा प्रसाद, बीसीएम रीना मोदी समेत अस्पताल कर्मी उपस्थित थे।








