रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क
खेल प्रतियोगिता, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकास का सबसे सशक्त माध्यम
जिला स्तरीय 7वीं जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि रहीं महापौर ने जिला खेल पदाधिकारी के साथ किया उद्घाटन
नगर के खेल भवन सह व्यायामशाला में आयोजित प्रतियोगिता में जिला की प्रतिनिधि बेटियों ने दिखाया पुरजोर दमखम
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर के खेल भवन सह व्यायामशाला में बुधवार को आयोजित 7वीं पश्चिम चंपारण जिला स्तरीय जूनियर बालिका इंटर स्कूल कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ।

प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर निगम की महापौर सह मुख्य अतिथि गरिमा देवी सिकारिया, जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार, प्रख्यात शिक्षक एनके राय, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्रीमान मिश्रा, राजेश कुमार सिंह एवं महासचिव आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पूर्व अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष श्रीमान मिश्रा ने कबड्डी कोर्ट का विधिवत पूजन किया।

इस अवसर पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिता केवल पदक जीतने का आयोजन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। बेटियों को खेल के मैदान में आगे बढ़ने का अवसर देना समाज और जिले के उज्ज्वल भविष्य में निवेश है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह, खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला सेंट तेरेसा गर्ल्स हाई स्कूल और सेंट पॉल एकेडमी, चनपटिया के बीच हुआ, जिसमें सेंट तेरेसा गर्ल्स हाई स्कूल ने 37 अंकों के साथ जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में नोट्रे डेम पब्लिक स्कूल बी टीम को रामकृष्ण विवेकानंद विद्या मंदिर ने सात अंकों से पराजित किया। तकनीकी पदाधिकारियों में अभिषेक कुमार, सचिन कुमार, आलोक कुमार, अनुज कुमार, प्रिंस कुमार, हंसराज कुमार और सुशांत मिश्रा सहित अन्य शामिल रहे।








