रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना डेस्क
बैठक में तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज ने आगामी एमएलसी चुनाव में आठ सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। बुधवार को मुजफ्फरपुर में आयोजित संगठनात्मक बैठक के बाद पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि संभावित प्रत्याशियों के नाम पर मंथन चल रहा है और अगले दो-चार दिनों में उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा सकते हैं। जिला परिषद मार्केट स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली के संगठन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से राय ली गई। विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की स्थिति, मतदाताओं के बीच जन सुराज की पहुंच और चुनावी तैयारियों से जुड़े सुझाव दिए। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं ने भी अपनी दावेदारी और चुनाव को लेकर विचार सामने रखे। प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं और नेताओं की बातों को गंभीरता से सुना तथा संभावित उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन को लेकर राय लेना था। संगठन के महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं को स्थानीय स्तर की स्थिति और सुझाव जानने के लिए बैठक में बुलाया गया था। प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि जन सुराज आठ सीटों पर एमएलसी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। पार्टी का जोर चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया। जन सुराज के जनाधार से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि पार्टी की वास्तविक स्थिति का आकलन चुनाव परिणाम से ही होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और समर्थक चाहते हैं कि जन सुराज एमएलसी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़े। संगठन में चुनाव को लेकर उत्साह है और कार्यकर्ता मजबूती से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता बांकीपुर की जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसी उत्साह के साथ संगठन एमएलसी चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। पार्टी नेतृत्व बूथ और क्षेत्रीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के साथ मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दे रहा है। बैठक में प्रत्याशियों के चयन के अलावा चुनावी रणनीति, संगठन को और मजबूत करने तथा मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। अब पार्टी की ओर से घोषित होने वाले उम्मीदवारों के नाम पर सभी की नजरें टिकी हैं। अगले दो-चार दिनों में प्रत्याशियों की घोषणा के बाद तिरहुत क्षेत्र में एमएलसी चुनाव की सियासी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।








