AMIT LEKH

Post: एकमा में चार ट्रकों की टक्कर से छपरा-सिवान एनएच-531 पर ढाई घंटे लगा जाम, छह लोग घायल

एकमा में चार ट्रकों की टक्कर से छपरा-सिवान एनएच-531 पर ढाई घंटे लगा जाम, छह लोग घायल

रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क 

हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देखते ही देखते कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

छपरा/एकमा (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र में छपरा-सिवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप शुक्रवार की अहले सुबह लगभग 2:30 बजे चार ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई।

फोटो : संवाददाता

हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देखते ही देखते कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। करीब ढाई घंटे तक परिचालन बाधित रहने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुर्घटना में चालक और सहचालक समेत करीब छह लोगों के जख्मी होने की सूचना है। इनमें एक चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

छाया : अमिट लेख

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में फंसे चालक को जेसीबी की मदद से बाहर निकलवाया और इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनास्थल के समीप पहले से एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहे अन्य ट्रक भी एक-दूसरे से टकराते चले गए। हादसे में फंसे चालक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के सिंगही गांव निवासी शिवजी राय के 28 वर्षीय पुत्र उपेंद्र राय के रूप में हुई है। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी और हाइवा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया। वाहनों को हटाने के बाद जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया। करीब ढाई घंटे बाद एनएच-531 पर यातायात सामान्य हो सका।

सड़क किनारे खड़े ट्रकों से हादसे का खतरा :

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-531 पर कई स्थानों पर दिन-रात सड़क किनारे ट्रक खड़े रहते हैं। कई जगह झुंड में ट्रकों की पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे रात में गुजरने वाले वाहनों को काफी परेशानी होती है।

छाया : अमिट लेख

लोगों के अनुसार सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े ट्रकों के कारण दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने तथा सड़क किनारे खड़े वाहनों की नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है।

Leave a Reply

Recent Post