AMIT LEKH

Post: जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क

26 सितंबर शाम 5 बजे तक खिलाड़ियों के दस्तावेज जमा करना अनिवार्य

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना तथा जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक जिला मुख्यालय बेतिया के विभिन्न खेल स्थलों पर प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी, राजकीय, आवासीय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, निजी विद्यालयों (सीबीएसई/आईसीएसई) तथा बिहार इंटरमीडिएट शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त विद्यालय/महाविद्यालयों के नियमित छात्र-छात्राएं निर्धारित आयु वर्ग में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों को विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों की आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, खो-खो, कबड्डी, वुशू, फुटबॉल, क्रिकेट, भारोत्तोलन, कराटे, कुश्ती, शतरंज, बैडमिंटन, साइकिलिंग, सेपकटाकरा, योगा, टेबल टेनिस, तलवारबाजी एवं बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कुछ खेल विधाओं में निर्धारित संख्या से कम टीमों की सहभागिता होने पर ओपन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। जिला खेल पदाधिकारी, राकेश कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के दिशा निर्देश के आलोक में चयनित खिलाड़ियों के योग्यता प्रमाण पत्र, अभिप्रमाणित फोटो, विगत वर्ष का अंक प्रमाण पत्र, विद्यालय की उपस्थिति पंजी की अभिप्रमाणित छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा। सभी दस्तावेजों की एक मूल प्रति एवं दो छायाप्रति विद्यालय प्रधानाध्यापक के अग्रसारण प्रमाण पत्र के साथ जमा करनी होगी। दस्तावेज 26 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक नगर भवन (टाउन हॉल) परिसर स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन-सह-जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय, बेतिया में जमा कराना होगा। निर्धारित समय सीमा के बाद अथवा व्यक्तिगत रूप से खिलाड़ियों द्वारा योग्यता एवं आयु प्रमाण पत्र जमा किए जाने की स्थिति में दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसकी जिम्मेवारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक की होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यालय को जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए एक बैनर/फ्लैक्स रखना आवश्यक होगा। प्रतियोगिता में विद्यालय की सहभागिता नहीं होने की स्थिति में संबंधित प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षक, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक अथवा प्रभारी खेल शिक्षक को जिम्मेवार माना जाएगा। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के आयु प्रमाण पत्र की विशेष जांच की जाएगी। प्रमाण पत्रों में किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित खिलाड़ी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। खिलाड़ियों के खेल पोशाक, यात्रा व्यय एवं अल्पाहार आदि की व्यवस्था संबंधित विद्यालय द्वारा विद्यालय क्रीड़ा कोष/अन्य मद से की जाएगी। प्रतियोगिताएं नॉक-आउट पद्धति से आयोजित की जाएंगी। आयोजन समिति को आवश्यकता के अनुसार किसी खेल विधा के प्रतियोगिता स्थल में परिवर्तन का अधिकार सुरक्षित रहेगा।

किसी भी जानकारी अथवा पृच्छा के लिए अजय कुमार मिश्र (शारीरिक शिक्षक) – 8651657043, अमरेन्द्र कुमार सिंह (कार्यपालक सहायक) – 9431428371, संजय कुमार श्रीवास्तव (शारीरिक शिक्षक) – 8252123741 तथा आशीष वर्मा (शिक्षक) – 7544916200 से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Recent Post