AMIT LEKH

Post: अभियान बसेरा के तहत पंचायत एवं अंचल स्तर पर शिविर आयोजित

अभियान बसेरा के तहत पंचायत एवं अंचल स्तर पर शिविर आयोजित

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 23 सितम्बर 26

जमाबंदी अद्यतीकरण एवं नामांतरण उत्तराधिकार का हुआ कार्य

अधिकारियों ने किया निरीक्षण

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। मुख्यमंत्री, बिहार के निर्देश एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा निर्गत पत्र के अनुपालन में अभियान बसेरा के अंतर्गत संभावित वासभूमिहीन लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने हेतु आज पश्चिम चम्पारण जिले के सभी पंचायत सरकार भवनों एवं अंचल कार्यालयों में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण तरनजोत सिंह के निर्देश के आलोक में शिविरों के सफल संचालन, व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सतत अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया था। नोडल पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में पहुंचकर शिविरों का निरीक्षण किया गया तथा आवेदन प्राप्ति एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके साथ ही जिले में जमाबंदी अद्यतीकरण एवं नामांतरणउत्तराधिकार का भी कार्य किया जा रहा है।

यह कार्य 31 सितंबर तक किया जाना है। इसी क्रम में अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा द्वारा चनपटिया प्रखंड में संचालित शिविर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने शिविर में संभावित वासभूमिहीन लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवेदन पंजी का संधारण एवं प्रत्येक आवेदक को आवेदन संख्या एवं प्राप्ति तिथि सहित पावती उपलब्ध कराने की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान बसेरा के तहत पात्र एवं संभावित लाभुकों से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जाँच कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही लाभुकों को बिहारभूमि पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए भी प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के साथ यह भी स्पष्ट किया जा रहा है कि संभावित लाभुकों को आवेदन जमा करने के लिए राज्य मुख्यालय, पटना जाने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने पंचायत सरकार भवन अथवा संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं तथा अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नामित नोडल पदाधिकारियों द्वारा शिविरों का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया जा रहा है, ताकि अभियान बसेरा के अंतर्गत पात्र वासभूमिहीन परिवारों को नियमानुसार वासभूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई में तेजी लाई जा सके।

Leave a Reply

Recent Post