रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 30 सितम्बर 2026
1000 बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी राहत सामग्री
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। चंपारण में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन ने मानवीय पहल करते हुए बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत सामग्री का वितरण किया।
मंगलवार को विधायक ने शायमपुर, गुदरिया, चंपारण तटबंध सहित आसपास के कई प्रभावित गांवों का दौरा किया और करीब 1000 बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री के पैकेट वितरित किए। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के दौरान विधायक का अलग अंदाज भी देखने को मिला। कई जगहों पर कमर तक पानी के बीच पैदल चलकर वे बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचे और राहत सामग्री वितरित की। कहीं पिकअप वाहन के जरिए तो कहीं पैदल पानी पार कर वे प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे। बाढ़ के पानी और मुश्किल हालात के बावजूद राहत कार्य लगातार जारी रखा गया। राहत पैकेट में चूड़ा, मीठा, बिस्किट, कुरकुरा, चॉकलेट, मोमबत्ती, माचिस, इलेक्ट्रोलाइट पाउडर, ब्रश, टूथपेस्ट और पानी की बोतल समेत जरूरत की आवश्यक सामग्री शामिल थी। इस दौरान विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि जिन इलाकों में बाढ़ आई है, वे उनके विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा नहीं हैं। बावजूद इसके, यह समय क्षेत्र और राजनीति की सीमाओं में बंधने का नहीं, बल्कि इंसानियत के साथ खड़े होने का है। उन्होंने कहा, “जिस इलाके में बाढ़ आई है, वह मेरा क्षेत्र नहीं है, लेकिन बात चंपारण की है। जब चंपारण बाढ़ से जूझ रहा है तो मैं कैसे पीछे रह सकता हूं। आपदा के समय मुझे कोई राजनीति नहीं करनी है। मेरा उद्देश्य सिर्फ जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाना है।” विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के सामने भोजन, पीने के पानी और रोजमर्रा की जरूरी सामग्री की चुनौती है। ऐसे समय में हर सक्षम व्यक्ति और सामाजिक संगठन को आगे आकर पीड़ितों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का दर्द विधानसभा की सीमाएं नहीं देखता, इसलिए मदद भी किसी सीमा में नहीं बंधनी चाहिए। चंपारण के जिन इलाकों में लोग इस आपदा से जूझ रहे हैं, उनके साथ वे हरसंभव सहयोग के लिए खड़े हैं। राहत वितरण के दौरान विधायक ने प्रभावित लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि जरूरत के समय उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास लगातार जारी रहेगा।







