AMIT LEKH

Post: हीमोफीलिया मरीजों के लिए ‘मुख्यमंत्री हीमोफीलिया योजना’ को प्रशासनिक स्वीकृति

हीमोफीलिया मरीजों के लिए ‘मुख्यमंत्री हीमोफीलिया योजना’ को प्रशासनिक स्वीकृति

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 30 सितम्बर 2026

इमिकिजुमैब दवा की खरीद के लिए पहले वर्ष में 26.33 करोड़ रुपये की मंजूरी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
पटना, (उप-संपादक/छपरा)। राज्य में हीमोफीलिया से पीड़ित मरीजों को बेहतर एवं सुलभ उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने ‘मुख्यमंत्री हीमोफीलिया योजना’ के क्रियान्वयन को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष के अंतर्गत संचालित होने वाली इस योजना के तहत हीमोफीलिया के उपचार में उपयोगी नॉन-फैक्टर दवा इमिकिजुमैब (Emicizumab) की खरीद की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दवा की खरीद के लिए प्रथम वर्ष में 26 करोड़ 33 लाख 63 हजार 490 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि हीमोफीलिया मरीजों को बेहतर और सुलभ उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री हीमोफीलिया योजना के माध्यम से मरीजों को आवश्यक दवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि राज्य के हीमोफीलिया मरीजों को उपचार के लिए कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े और उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके। विभाग के अनुसार, इस योजना के माध्यम से राज्य के हीमोफीलिया मरीजों को आवश्यक एवं उन्नत उपचार सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा उनका उपचार अधिक सुलभ हो सकेगा।

मरीज प्रतिनिधियों ने जताया आभार :

मुख्यमंत्री हीमोफीलिया योजना की स्वीकृति और इमिकिजुमैब दवा की खरीद के लिए राशि मंजूर किए जाने पर मरीज समुदाय की ओर से स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। मरीज प्रतिनिधि अभिषेक ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि योजना के लागू होने से हीमोफीलिया मरीजों को आधुनिक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मरीज प्रतिनिधियों ने योजना को प्रशासनिक रूप देने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन होगा तथा पात्र मरीजों तक उपचार सुविधा पहुंच सकेगी।

Leave a Reply

Recent Post