रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 13 अक्टूबर 2026
बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है बीमार बच्चों का इलाज
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बड़ी ख़बर पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से है जहाँ भैरोगंज थाना क्षेत्र के मशहवा गांव में खिचड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के 13 बच्चे बीमार हो गए। सभी बच्चों को उल्टी और लूज मोशन की शिकायत के बाद आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सबों का इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक परिवार के सभी बड़े सदस्य अपने-अपने काम से घर के बाहर गए हुए थे।

इसी दौरान बच्चों ने आपस में मिलकर पार्टी करने की योजना बनाई और घर में ही खिचड़ी तैयार की। बच्चों ने खिचड़ी में गांव से खरीदी गई मैगी, कुरकुरे समेत कुछ अन्य चीजें भी मिला दीं। जिसे खाने के कुछ देर बाद ही सभी बच्चों को उल्टी और लूज मोशन होने लगा। लिहाजा उनकी हालत बिगड़ने की सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल लेकर आए। इधर अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार की देखरेख में सभी बच्चों का इलाज जारी है। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर औऱ सामान्य है। उन्हें गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। बीमार बच्चों में मनीषा, अंजली, मुकेश, गीतांजलि, शीला, लक्की, पिंकी, सलोनी, शीतल, सीनू और प्रीति समेत कुल 13 बच्चे शामिल हैं। वहीं घटना के बाद गांव के लोगों में चिंता का माहौल है ।








