AMIT LEKH

Post: दुर्गा पूजा के दौरान छपरा शहर में डीएम-एसएसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील

दुर्गा पूजा के दौरान छपरा शहर में डीएम-एसएसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 18 अक्टूबर 2026

पूजा पंडालों के आसपास प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के जागरूकता शिविर भी लगाए गए

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

छपरा, (सारण)। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार के संयुक्त नेतृत्व में छपरा शहर में जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया।

फोटो : संवाददाता

इसके माध्यम से आम लोगों को शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने का संदेश दिया गया। फ्लैग मार्च के दौरान विशेष रूप से टाउन थाना और भगवान बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मूर्ति विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। प्रशासन का उद्देश्य पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को निर्बाध रूप से पूजा-अर्चना का अवसर उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और मूर्ति विसर्जन जुलूस के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

छाया : अमिट लेख

संवेदनशील स्थलों एवं विसर्जन मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित करने से बचें। उन्होंने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में जिला प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

पूजा पंडालों के पास लगाए गए जागरूकता शिविर :

दुर्गा पूजा के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने की भी पहल की गई है। इसके तहत विभिन्न पूजा पंडालों के आसपास प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करना है। जिला प्रशासन ने सभी जिलावासियों से दुर्गा पूजा का पर्व श्रद्धा, शांति, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाने तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Recent Post