रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 23 अक्टूबर 2026
नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की निगरानी एवं प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था का भी लिया जायजा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार विधान परिषद् के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन, 2026 के तहत जिले में संचालित मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, कुमार गौतम ने बेतिया, चनपटिया, नरकटियागंज एवं लौरिया प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, विधि-व्यवस्था एवं उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन कार्य में संलग्न कर्मियों को पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त निर्वाचन संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी सजगता के साथ कार्य करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें। इसके उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने समाहरणालय सभागार में संचालित जिला नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की निगरानी एवं प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित किसी भी सूचना या शिकायत पर तत्परतापूर्वक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।








