रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 02 नवंबर 2026
नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री ने किया सम्मानित, होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान की हुई सम्पन्न
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिमी चंपारण जिले के थरुहट की राजधानी कहे जाने वाले हरनाटांड के प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. त्रिशूल कुमार सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले का मान बढ़ाया है। उन्हें रविवार को नेपाल के भैरहवा स्थित मौर्य होटल में आयोजित इंडो-नेपाल होम्योपैथिक सेमिनार में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से हरनाटांड सहित पूरे पश्चिमी चंपारण में खुशी का माहौल है। भारत और नेपाल के होम्योपैथिक चिकित्सकों के बीच चिकित्सा ज्ञान, अनुभव और शोध के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया था। आयुष मेडिकल एसोसिएशन, बिहार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों देशों के सैकड़ों चिकित्सक, चिकित्सा विशेषज्ञ और शोधकर्ता शामिल हुए। सेमिनार में होम्योपैथिक चिकित्सा के विकास, नवीन शोध, उपचार पद्धतियों और चिकित्सा क्षेत्र में आ रही चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. त्रिशूल कुमार सिंह को नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री दीपेन्द्र कुमार पुन मगर, आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र मौर्या तथा सीसीएच के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रामजी सिंह ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इस सम्मान की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों, शुभचिंतकों और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह सहित कई लोगों ने डॉ. त्रिशूल कुमार सिंह को बधाई दी और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हरनाटांड जैसे ग्रामीण क्षेत्र के चिकित्सक को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलना युवा चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणादायक है। इससे क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।

