रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 13 नवंबर 2026
जिले के लगभग 80 कलाकारों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 70 पदाधिकारी एवं कर्मी हुए सम्मानित
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन स्थानीय प्रेक्षा गृह में किया गया। समारोह में जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला एवं प्रतिभाओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं बड़ी संख्या में कला प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में नरकटियागंज के माननीय विधायक संजय पांडेय, चनपटिया के माननीय विधायक अभिषेक रंजन, माननीय विधान पार्षद, सौरभ कुमार, बेतिया नगर निगम की माननीय मेयर श्रीमती गरिमा देवी सिकारिया, जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा श्री सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती रोचना माद्री, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, बेतिया मासूम अंसारी, निदेशक एनईपी पुरुषोत्तम त्रिवेदी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि पश्चिम चम्पारण जिला ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। जिले की पहचान यहां की गौरवशाली परंपराओं, लोककला, लोक संस्कृति और प्रतिभाशाली लोगों से है। जिला स्थापना दिवस अपनी विरासत पर गर्व करने के साथ-साथ जिले के विकास में सामूहिक सहभागिता एवं योगदान का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच एवं सम्मान प्रदान करना उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से पश्चिम चम्पारण को विकास, समृद्धि एवं गौरव के नए आयामों तक पहुंचाने में सहभागी बनने की अपील की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, बेतिया, बेतिया ध्रुपद घराना, युवा उत्सव की विजेता टीम तथा हरनाटांड़ के लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से हरनाटांड़ के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक झामटा नृत्य ने स्थानीय लोक संस्कृति की जीवंत छटा बिखेरी। इस अवसर पर गायक देवेंद्र कुमार यादव, सतीश मिश्रा, हरिशंकर मिश्रा, कामेश्वर कुमार, ममता महतो, अभी सुमन एवं रंजन बिहारी सहित जिले के लगभग 80 कलाकारों ने अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गीत-संगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, जिले के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत लगभग 70 पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

