AMIT LEKH

Post: कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी‌

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी‌

रिपोर्ट : वैशाली डेस्क, 23 नवम्बर 2026

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए घाटों, पुलों और प्रमुख मार्गों पर दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति

जिला पदाधिकारी ने आदेश जारी कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, बचाव एवं स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
हाजीपुर/वैशाली, (राजेंद्र कुमार)। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला-2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। इस संबंध में जिला पदाधिकारी, वैशाली द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर विभिन्न घाटों, गंडक पुलों, रेलवे स्टेशन, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान का शुभ मुहूर्त दिनांक 23 नवंबर 2026, सोमवार की देर रात 11:42 बजे से प्रारंभ होकर 24 नवंबर 2026, मंगलवार की रात्रि 08:23 बजे तक रहेगा। इस दौरान हाजीपुर के कौनहारा घाट, बुटनदास घाट, हजूरी मठ घाट, कौशल्या घाट, सीढ़ी घाट, महेश्वर घाट, पुल घाट, क्लब घाट, कदम घाट, तंगौल घाट, बालादास घाट, इमली घाट, डोमा घाट एवं अन्य घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। जिला पदाधिकारी, वैशाली ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएँ ससमय सुनिश्चित करें। घाटों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, साफ-सफाई एवं बचाव कार्य के लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं तत्परता से निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। मेला के दौरान समाहरणालय परिसर स्थित पुष्करणी सभागार में मुख्य जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06224-260220 पर संचालित रहेगा। इसके अतिरिक्त कौनहारा घाट स्थित मेला नियंत्रण कक्ष तथा पुल घाट पर सहायक नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेंगे। विभिन्न घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखा गया है। विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता, वैशाली एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), वैशाली रहेंगे। घाटों, गंडक पुल के दोनों छोरों, रेलवे पुल, रेलवे स्टेशन, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तथा यातायात नियंत्रण के लिए अलग-अलग दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। मेला अवधि में पुलिस गश्ती दल भी लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर नजर रखेंगे। सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्था के तहत नदी घाटों पर नाव, प्रशिक्षित नाविक, गोताखोर, प्रशिक्षित तैराक एवं एसडीआरएफ की टीम को पर्याप्त लाइफ जैकेट और इनफ्लेटेबल बोट के साथ तैनात किया गया है। नदी में बचाव कार्य के लिए नावों की गश्ती तथा चिकित्सकीय सुविधा के लिए बोट एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। खतरनाक एवं असुरक्षित घाटों को बैरिकेडिंग कर लाल झंडे एवं चेतावनी संकेतों से चिह्नित किया गया है। नए एवं पुराने गंडक पुल पर भी सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है। यातायात एवं भीड़ नियंत्रण के लिए शहर में विभिन्न वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग एवं पड़ाव स्थल बनाए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर ड्रॉप गेट, यातायात डायवर्जन एवं पार्किंग संबंधी सूचना फ्लैक्स बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित की गई है। मेला अवधि में किसी भी वाहन को घाटों तक पहुंचने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित पड़ावों से ही वाहनों का परिचालन सुनिश्चित किया जाएगा। यात्रियों से निर्धारित किराया से अधिक वसूली रोकने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निगरानी एवं कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कौनहारा घाट सहित विभिन्न घाटों एवं प्रमुख स्थानों पर अस्थायी अस्पताल एवं प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए गए हैं। एम्बुलेंस, चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, जीवन रक्षक दवाएँ एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रहेंगे। सदर अस्पताल, हाजीपुर का इमरजेंसी वार्ड 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। नदी में बोट एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेगी। खोए हुए व्यक्तियों की सहायता के लिए कौनहारा घाट मेला शिविर, नगर थाना, रामाशीष चौक एवं रेलवे स्टेशन चौक पर विशेष शिविर स्थापित किए जाएंगे, जो 24 घंटे कार्यरत रहेंगे। इन शिविरों में सूचना संकलन एवं आवश्यक सहायता की व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त घाटों एवं मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, वाटर टैंकर, वाटर एटीएम, अस्थायी शौचालय, चेंजिंग रूम, डस्टबिन तथा नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम गठित कर जांच एवं निगरानी की व्यवस्था की गई है। मेला पुलिस कैंप में अग्निशमन दल भी उपलब्ध रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें, बैरिकेडिंग का उल्लंघन न करें, नदी के गहरे पानी में जाने से बचें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों एवं 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को घाटों जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों से दूर रखने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन, वैशाली श्रद्धालुओं से अपील करता है कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के अवसर पर सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

“जिला प्रशासन, वैशाली श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए प्रतिबद्ध है”।

Leave a Reply

Recent Post