रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 25 नवम्बर 2026
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मकता के लिए शिक्षक राजेश कुमार सिंह और गुड़िया कुमारी को मिला सम्मान, बिहार टीचर्स मंच ने किया सम्मानित
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (संवाददाता)। शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनूठे नवाचारों और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाने वाले सारण जिले के दो शिक्षकों राजेश कुमार सिंह और गुड़िया कुमारी को बिहार टीचर्स मंच की ओर से सारण प्रमंडल अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। छपरा स्थित शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित भव्य समारोह में बिहार टीचर्स हिस्ट्री मेकर्स के मंच से दोनों शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रख्यात गणितज्ञ एवं नालंदा खुला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. के.सी. सिन्हा ने एकमा स्थित अलख नारायण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक राजेश कुमार सिंह तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोंध भगवानपुर की शिक्षिका गुड़िया कुमारी को मोमेंटो, अंगवस्त्र और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. के.सी. सिन्हा ने दोनों शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि टीबीटी आधुनिक शिक्षा के प्रसार और शिक्षण पद्धति में नवाचार को बढ़ावा देने वाला शिक्षकों का एक बड़ा मंच है। उन्होंने शिक्षकों के रचनात्मक प्रयासों को शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बताया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित गंगा सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमेन्द्र रंजन सिंह ने भी दोनों शिक्षकों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शैक्षिक नवाचार के क्षेत्र में टीबीटी एक क्रांतिकारी पहल है, जो शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने और शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बहरहाल, दोनों शिक्षकों को मिले इस सम्मान से सारण जिले के शिक्षकों और शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।

