AMIT LEKH

Post: जदयू ने किया बीजेपी-मुक्त भारत का शंखनाद

जदयू ने किया बीजेपी-मुक्त भारत का शंखनाद

बोले-सीएम के विजन से सूबे का कायाकल्प

”हाटे बाजार-नीतीशे कुमार जनसम्पर्क अभियान” का चम्पारण के धरती से शुभारंभ

दिवाकर पाण्डेय, जिला न्यूज़ ब्यूरो

– अमिट लेख
मोतिहारी। मुंशी सिंह महाविद्यालय  से शनिवार को जेडीयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ तथा जेडीयू शिक्षा प्रकोष्ठ के संयुक्त प्रमंडलीय प्रशिक्षण सह संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सर्राफ ने कहा कि बिहार की धरती ने संसार को पहला लोकतंत्र दिया, यहीं बापू के सत्याग्रह ने आकार लिया, जेपी की सम्पूर्ण क्रांति का आगाज बिहार से ही हुआ और अब यहीं से भाजपा-मुक्त भारत का शंखनाद हो रहा है। आज पूरा देश नीतीश कुमार की ओर देख रहा है। वे न केवल विपक्षी एकता की धुरी बल्कि परिवर्तन के वाहक बनकर उभरे हैं। देश को भाजपा की तानाशही से मुक्त करने और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए उन्होंने जो ‘महायज्ञ’ शुरू किया है, उसकी पूर्णाहुति के लिए हमें दिन-रात एक कर देना है। उन्होंने कहा कि 2024 में बिहार की 40 में 40 सीटों पर महागठबंधन का विजय पताका फहराएगा। इसके साथ ही हमें यह भी सुनिश्चित करना है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए अभूतपूर्व विकास-कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने अद्भुत विजन और इच्छाशक्ति से बिहार का कायाकल्प किया है। यह उनकी देन है कि आज बिहार के लोग देश-दुनिया के किसी भी कोने में सिर उठाकर जाते हैं। हमें उनके संदेश को घर-घर पहुँचाना है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि भाजपा का राष्ट्रवाद का नारा फर्जी है। सच यह है कि वो देश के इतिहास को बदलना चाहती है। केन्द्र में बैठी सरकार आज संवैधानिक संस्थाओं को तहस-नहस कर रही है। देश को साम्प्रदायिक उन्माद की ओर धकेला जा रहा है और दलितों और अतिपिछड़ों से उनका हक छीना जा रहा है। जातीय गणना हो या बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की बात हो, भाजपा का दोमुँहापन हर जगह देखा जा सकता है। विधायक शालिनी मिश्रा ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जितना सोचा और किया, उतना स्वतंत्र भारत के इतिहास में किसी ने नहीं किया। वंचित तबकों को वे विकास की मुख्यधारा में लेकर आए। हमलोगों को एकजुट होकर अपने नेता का हाथ मजबूत करना है। जेडीयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 अमरदीप ने ”जदयू की विचारधारा और हमारा प्रचार-तंत्र” विषय पर अपनी बातें रखीं और मीडिया के विभिन्न प्लेटफाॅर्म, विशेषकर सोशल मीडिया, का उपयोग करते हुए भाजपा के भ्रामक प्रचार और अनर्गल आरोपों का मुँहतोड़ जवाब देने पर जोर दिया। जेडीयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धनजी प्रसाद ने कहा कि हमें ”हाटे बाजार-नीतीशे कुमार जनसम्पर्क अभियान” के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का संदेश हर हाट-बाजार तक पहुँचाना है और राज्य भर के व्यवसायियो को एकजुट करना है। बता दें कि तिरहुत प्रमंडल से शुरू हुआ यह कार्यक्रम बारी-बारी से सभी प्रमंडलों में होगा। आज के इस कार्यक्रम में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण तथा बगहा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सम्मिलित हुए, जबकि तिरहुत प्रमंडल के शेष जिलों का प्रशिक्षण सह संवाद कार्यक्रम 9 जुलाई को मुजफ्फरपुर में होगा। कार्यक्रम में विधानपार्षद व जदयू के प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा दोनों प्रकोष्ठों के प्रभारी ललन सर्राफ, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री सुनील कुमार, विधानपार्षद व जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार, विधायक शालिनी मिश्रा समेत कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वी चंपारण जिला जेडीयू अध्यक्ष मंजू देवी ने की।

Recent Post