विश्वविद्यालय भूमि प्राप्ति हेतु राज्यपाल से मिले सीनेटर, मिला सकारात्मक आश्वासन
जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय के मुख्य द्वार के उद्घाटन हेतु अनुरोध
अतिथि शिक्षकों को स्थायित्व प्रदान करने का आग्रह
✍️ अरुण कुमार ओझा, अनुमंडल ब्यूरो
– अमिट लेख
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के सीनेटर डॉ विनोद कुमार सिंह ने कुलाधिपति सह राज्यपाल महामहिम राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से शिष्टाचार मुलाक़ात की और उन्हें विश्वविद्यालय संबंधी प्रमुख मुद्दों से अवगत करवाया। सीनेटर डॉ विनोद कुमार सिंह ने राज्यपाल से वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के लिए कोइलवर में आवंटित 25 एकड़ भूमि के बदले पुराने परिसर से लगे स्काड़ा की भूमि में से 25 एकड़ उपलब्ध करवाने की मांग की। राज्यपाल को उन्होंने भूमि प्राप्ति अभियान द्वारा चलाये गये जनांदोलनों के साथ विश्वविद्यालय के तीन भागों में बंट जाने से उत्पन्न होने वाली समस्याओं के बारे में बताया। राज्यपाल ने ध्यानपूर्वक सुनने के बाद इस मुद्दे पर सकारात्मक दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ विनोद कुमार सिंह ने बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों में नियुक्त अतिथि शिक्षकों को स्थायित्व प्रदान करने संबंधी चर्चा की और मांग पत्र दिया। उन्होंने राज्यपाल को अवगत करवाया कि सभी अतिथि शिक्षक यूजीसी के नियमों के तहत ही नियुक्त हुए हैँ मगर अपने भविष्य को लेकर चिंतित रहते हैँ। इसके अलावे महामहिम से जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय, बक्सर के नवनिर्मित मुख्य द्वार के उद्घाटन के लिए समय निर्धारित करने का अनुरोध भी किया जिसे राज्यपाल ने स्वीकार करने हेतु आश्वासन भी दिया।








