



जिला ब्यूरो, नसीम खान “क्या” की रिपोर्ट :
खेल मैदान में पंचायत भवन निर्माण का ग्रामीणों ने जमकर विरोध करते हुए प्रदर्शन किया है
न्यूज़ डेस्क, बगहा पुलिस जिला
नसीम खान “क्या”
– अमिट लेख
बगहा, (ए.एल.न्यूज़)। बगहा के चखनी रजवटिया पंचायत में खेल मैदान में पंचायत भवन निर्माण का ग्रामीणों ने जमकर विरोध करते हुए प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों की मांग है की खेल मैदान में पंचायत भवन का निर्माण नहीं हो। दरअसल बिहार सरकार द्वारा प्रत्येक पंचायतों में बिहार पंचायत भवन बनाने की घोषणा की गई है। जिसके तहत अधिकारियों ने इलाके के खेल मैदान में इस भवन निर्माण की स्वीकृति दे दी है। लिहाजा ग्रामीणों का कहना है की जहां एक तरफ सरकार प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान बनाने के लिए जमीन चिन्हित करने और खेल मैदान बनाने का आदेश जारी किया है वहीं बगहा एक प्रखंड के सी ओ समेत वरीय अधिकारियों ने खेल मैदान में पंचायत भवन बनाने का टेंडर जारी करा दिया है। जिसके बाद इस खेल मैदान में भवन बनना शुरू हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है की अगल बगल के कई पंचायतों के बीच चखनी उच्च विद्यालय प्रांगण से सटे एक खेल मैदान है। ऐसे में विद्यालय के पास पंचायत भवन खेल के मैदान में नहीं बनना चाहिए।
बता दें की खेल मैदान में पंचायत भवन निर्माण को लेकर ग्रामीण मुखिया और अधिकारियों के खिलाफ गोलबंद हो गए हैं और प्रदर्शन करते हुए मुखिया का पुतला दहन भी किया है। फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश है। मुखिया का कहना है की वर्ष 2019 में जब वे मुखिया नहीं थे तभी प्रशासन ने खेल मैदान में पंचायत भवन बनाने के लिए प्रस्तावना भेज दिया था। जिसको लेकर आज ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा की पंचायत भवन के साथ-साथ खेल मैदान भी जरूरी है। लिहाजा प्रशासन और ग्रामीणों को इस बाबत सोचना चाहिए।