बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
गैस सिलेंडर को लेकर अफवाहों पर जिला प्रशासन सख्त
जिला पदाधिकारी ने की 81 गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के फिल्ड ऑफिसर रहे मौजूद
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी अनुमंडल पदाधिकारियों की उपस्थिति में जिले की सभी 81 गैस एजेंसियों के संचालकों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के फिल्ड ऑफिसरों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में एजेंसी संचालकों एवं फिल्ड ऑफिसरों ने स्पष्ट रूप से बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता में कहीं भी कोई समस्या नहीं है और नियमित रूप से सप्लाई जारी है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि कुछ समाचार पत्रों में गैस सिलेंडर की किल्लत से संबंधित खबरें प्रकाशित हुई हैं, जिसके कारण आम लोगों में अफवाह फैल रही है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लोगों द्वारा गैस की कमी की बात भी कही जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं में यह धारणा बन रही है कि गैस सप्लाई में कोई समस्या है। ऐसी स्थिति में सभी गैस एजेंसी संचालकों का सहयोग आवश्यक है, ताकि उपभोक्ताओं में किसी प्रकार की भ्रांति या अफवाह न फैले।उन्होंने निर्देश दिया कि सभी एजेंसी संचालक अपने-अपने स्तर से यह व्यापक रूप से प्रचारित करें कि डोमेस्टिक गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, इसलिए लोग अनावश्यक रूप से एजेंसियों के बाहर लाइन न लगाएं। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही नए गैस सिलेंडर के लिए नंबर लगाया जा सकता है। जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी कर एजेंसी परिसर में प्रदर्शित करें, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में उपभोक्ता सीधे संपर्क कर सकें। साथ ही उन्होंने अनुमंडल स्तर पर भी 24×7 हेल्पलाइन नंबर को सक्रिय रखने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान एजेंसी संचालकों ने बारी-बारी से अपने-अपने गैस स्टॉक की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी और बताया कि सप्लाई में कोई कमी नहीं है, बल्कि इन दिनों मांग बढ़ने के कारण दबाव अधिक है। कुछ एजेंसी संचालकों ने विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही सिलेंडर की बिक्री सुनिश्चित की जाए तथा डोमेस्टिक गैस को कमर्शियल उपयोग में परिवर्तित करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को एजेंसियों की नियमित निगरानी करने, स्टॉक का सत्यापन कराने तथा ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि उपभोक्ता घरेलू गैस की आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत दूरभाष संख्या 06254-247002 एवं 06254-247003 पर दर्ज़ करवा सकते हैं। बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, एसडीएम बेतिया सदर विकास कुमार तथा जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी राकेश कुमार सहित सभी गैस एजेंसी संचालक और ऑयल मार्केटिंग कंपनी के फिल्ड ऑफिसर उपस्थित थे। वहीं नरकटियागंज और बगहा अनुमंडल के पदाधिकारी तथा एजेंसी संचालक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।








