रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 06 अक्टूबर 2026
नागरिक शिकायत और समस्याओं को गंभीरता से दर्ज करने के साथ नियमानुसार कराए त्वरित समाधान : गरिमा
नगर निगम क्षेत्र में नव अधिग्रहित वार्डों में आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त समस्याओं की समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में नव अधिग्रहित वार्डों के नागरिकों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनने और उनके समाधान की दिशा में पहल के उद्देश्य से मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम की ओर से आयोजित इस शिविर में वार्ड 43 से 46 तक के नागरिकों को अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे निगम कर्मियों के समक्ष रखने का अवसर मिला।

वार्ड 43 में पंचायत सरकारी, वार्ड 44 में शिव मंदिर के पास पिपरा पकड़ी, वार्ड 45 में पिपरा चौक तथा वार्ड 46 में वैद्यनाथपुर छठ घाट के पास शिविर लगाया गया। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने विभिन्न शिविर स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से दर्ज करने, प्राथमिकता निर्धारित करने तथा नियमानुसार त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महापौर ने कहा कि नव अधिग्रहित वार्डों को नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था से प्रभावी रूप से जोड़ना प्राथमिकता है। सहयोग शिविर नागरिकों और निगम प्रशासन के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनकर उभर रहा है। इससे क्षेत्रीय समस्याओं की वास्तविक स्थिति समझने और विकास योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप प्राथमिकता देने में मदद मिलेगी। शिविर में नागरिक सहभागिता को बेहतर बेतिया के निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए महापौर ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए निगम प्रशासन निरंतर सक्रिय रहेगा।








