



जिला ब्यूरो संतोष कुमार की रिपोर्ट :
सोमवार की रात दो सगे भाइयों के बीच घर निर्माण के लिए जगहों को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है
न्यूज़ डेस्क, जिला सुपौल
संतोष कुमार
– अमिट लेख
सुपौल, (ए.एल.न्यूज़)। जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डहरिया वार्ड नंबर नौ में सोमवार की रात दो सगे भाइयों के बीच घर निर्माण के लिए जगहों को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है।

जिसमे एक पक्ष के रिश्तेदार की गोली लगने से मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे सीएचसी छातापुर में प्राथमिक उपचार के बाद बाहर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज घटना की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार बिनोद यादव और उनके सगे भाई प्रमोद यादव में पूर्व से घर निर्माण के लिए जगहों को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक के परिजनों ने बताया कि पूर्व से चली आ रही इस विवाद में दोनों भाइयों बिनोद यादव और प्रमोद यादव के बीच पन्द्रह दिन पूर्व स्थानीय स्तर पर पंचायत कर मामले का सुलह कर दिया गया था।

आरोप है कि इसी बीच देर रात बिनोद यादव ने कुछ बदमाश उसके घर भेजकर गोली चला दिया। जिसमे घर में मौजूद प्रमोद यादव का साला रामकुमार यादव को सिर में गोली लग गई, और प्रमोद यादव के बांह में भी गोली लग गई। घटना में प्रमोद यादव और उसका साला रामकुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि घटना के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
जिसके बाद दोनो घायलों को आनन फानन में सीएचसी छातापुर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने रामकुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रमोद यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बाहर रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विपिन कुमार भी पहुंच गए, एसडीपीओ विपिन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दो सगे भाइयों के बीच घर निर्माण को लेकर जगहों का विवाद था। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।