



विशेष ब्यूरो बिहार की रिपोर्ट :
कार्रवाई के दौरान 790.5 एकड़ में अफीम की और 21.54 एकड़ में भांग की खेती की पहचान हुई
न्यूज डेस्क, राजधानी पटना
दिवाकर पाण्डेय
– अमिट लेख
पटना, (ए.एल.न्यूज)। बिहार में अफीम की अवैध खेती पर एक बड़ा एक्शन लेते हुए पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने संयुक्त ऑपरेशन में करीब 800 एकड़ में फैली अफीम और भांग की फसल को नष्ट कर दिया है। यह कार्रवाई ड्रोन और सेटेलाइट इमेज के जरिए चिन्हित क्षेत्रों में की गई। कार्रवाई के दौरान 790.5 एकड़ में अफीम की और 21.54 एकड़ में भांग की खेती की पहचान हुई। इस अभियान के तहत अब तक 146 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। यह पूरा अभियान विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चलाया गया, जहां पहले पुलिस की पहुंच मुश्किल मानी जाती थी। राज्य में नक्सलियों के प्रभाव में आई गिरावट के बाद अब इन क्षेत्रों में पुलिस और सुरक्षा बलों की नियमित गश्त और सघन निगरानी से अवैध गतिविधियों में कमी आई है। उत्तर बिहार को पहले ही नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है, वहीं अब दक्षिण बिहार के सीमावर्ती इलाकों पर फोकस किया जा रहा है। सबसे ज्यादा कार्रवाई गया के चकरबंधा और धनगई तथा औरंगाबाद के कुछ इलाकों में हुई है। इन स्थानों पर बिहार पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मिलकर बड़ी सफलता हासिल की है। आपको बता दे कि इस ऑपरेशन में स्थानीय लोगों का सहयोग भी अहम साबित हुआ। लोगों ने पुलिस को सूचना देकर इन अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने में मदद की। पुलिस का दावा है कि जल्द ही झारखंड से सटे इन जंगली इलाकों में नक्सलवाद और अफीम की खेती दोनों समाप्त हो जाएंगे।