बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
समाहरणालय सभागार में हुआ भव्य आयोजन
50 से अधिक महिला पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को बना दिया और भी आकर्षक
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी तरनजोत सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन केवल महिलाओं के सम्मान का ही नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, योगदान और समाज के निर्माण में उनकी निर्णायक भूमिका को स्मरण करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तब तक संभव नहीं है, जब तक उसकी आधी आबादी सशक्त, सुरक्षित और सम्मानित न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल, राजनीति सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। सरकार और समाज दोनों स्तरों पर महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं एवं अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस जैसे आयोजन जागरूकता और प्रेरणा का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। उन्होंने कई उदाहरणों के माध्यम से महिलाओं की उपलब्धियों और उनकी क्षमता को रेखांकित करते हुए समाज में महिलाओं को बराबरी का सम्मान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर निगम बेतिया की नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। समाज के विकास और सशक्त राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाने के लिए प्रशासन और समाज दोनों को मिलकर कार्य करना होगा। कार्यक्रम के दौरान महिला पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ सीधा संवाद भी किया गया, जिसमें उनके अनुभवों और सुझावों को साझा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 से अधिक महिला पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। इस दौरान असलम कौव्वाल, सत्यम मिश्रा और खुशबू मिश्रा सहित विभिन्न छात्र-छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण विषय पर आधारित गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और समाज में समान अवसर सुनिश्चित करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम है, और ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में वरीय उप समाहर्ता श्रीमती नगमा तबस्सुम ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती नगमा तबस्सुम, डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती कविता रानी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








