बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
यह मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा तक पहुँचा, जहाँ एक जनसभा का आयोजन किया गया
न्यूज़ डेस्क, जिला पश्चिम चंपारण
मोहन सिंह
– अमिट लेख
बेतिया, (ए.एल.न्यूज़)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाकपा (माले) के नेतृत्व में बीते दिवस बेतिया के शहीद पार्क से “आजादी बचाओ, संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ” के नारे के साथ एक संकल्प मार्च निकाला गया।

यह मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा तक पहुँचा, जहाँ एक जनसभा का आयोजन किया गया। मार्च और सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, छात्र-नौजवानों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में देश की लोकतांत्रिक परंपराओं, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया। सभा को भाकपा माले जिला कमिटी सदस्य सुनील कुमार राव ने संबोधित किया और देश में बढ़ते साम्प्रदायिक उन्माद, जनविरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो रहे हमलों की कड़ी आलोचना की।

आगे कहा कि स्वतंत्रता सिर्फ एक औपचारिक जश्न नहीं, बल्कि उसे बचाने और उसके मूल्यों को ज़मीन पर लागू करने का निरंतर प्रयास है। भाकपा (माले) नेता फरहान राजा, विनोद यादव,संजय यादव, सुरेन्द्र चौधरी, रमाशंकर राम, जितेंद्र राम, अरूण तिवार, जवाहर प्रसाद आदि नेताओं ने आज के दिन को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए जनता से आह्वान किया कि वे मौजूदा शासन की तानाशाही प्रवृत्तियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज़ बुलंद हो। इससे पहले सुबह 9.10 बजे बेतिया स्थित भाकपा माले कार्यालय पर 79 वां स्वतंत्रता दिवस मनाते हुए सुनील कुमार राव ने झंडारोहण किया, जहाँ काफी संख्या में छात्र- नौजवान, महिला पुरूष उपस्थित थे।








