AMIT LEKH

Post: सीएम ने जे०पी० गंगा पथ के निर्माण कार्य का लिया जायजा

सीएम ने जे०पी० गंगा पथ के निर्माण कार्य का लिया जायजा

गंगा नदी पर निर्माणाधीन कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना का भी लिया जायजा

निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करने का अधिकारियों को दिया निर्देश

जे०पी० गंगा पथ के बचे हुए निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें ताकि लोगों का आवागमन और आसान हो सके : मुख्यमंत्री

कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें। गंगा नदी पर इस पुल के बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी

✍️ स्टेट हैड की रिपोर्ट :
– अमिट लेख
पटना,(अमित कुमार)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार के दिन दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं- जे०पी० गंगा पथ परियोजना के बचे हुए निर्माण कार्य तथा गंगा नदी पर निर्माणाधीन कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री जे०पी० गंगा पथ होते हुए गायघाट पहुंचे और वहां कराये जा रहे निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि जे०पी० गंगा पथ का गायघाट तक निर्माण कार्य जून माह तक पूर्ण हो जायेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पटना की आबादी बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए जे०पी० गंगा पथ का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

जे०पी० गंगा पथ के बचे हुए निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें ताकि लोगों का आवागमन और आसान हो सके। गंगा नदी में गंदा पानी नहीं गिरे इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करें। गंदे पानी को सीवरेज ट्रिटमेंट प्लांट के माध्यम से शुद्ध करने की व्यवस्था करें। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री कच्ची दरगाह पहुँचे और गंगा नदी पर निर्माणाधीन कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्माण कार्य के विभिन्न अवयवों एवं प्रगति कार्य के संबंध में जानकारी देते हुए। बताया कि कच्ची दरगाह से राघोपुर तक का निर्माण कार्य दिसंबर 2023 कच्ची तक पूरा कर ली जाएगी। दरगाह में निर्माण कार्य का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि इस पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने आज हमलोग यहां आये हैं। हमने अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा कराने को लेकर निर्देश दिया है। बीच में कोरोना के कारण निर्माण कार्य में दिक्कत हुई। हमलोग चाहते हैं कि इस साल अंत या फिर अगले साल के शुरुआती एक-दो महीने में निर्माण कार्य पूर्ण हो जाय। कार्य पूरा होने से लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा होगी। जे०पी० गंगा पथ बनवा रहे हैं। इसी साल इसका निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सबकी चर्चा आपलोग मत कीजिए।

Recent Post