AMIT LEKH

Post: नगर आयुक्त ने सपत्नीक वृद्धाश्रम में मनाया दीपोत्सव

नगर आयुक्त ने सपत्नीक वृद्धाश्रम में मनाया दीपोत्सव

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :

दिया “स्वच्छ व हरित दीपावली” का संदेश

वृद्धजनों के संग साझा की खुशियाँ, लिया आशीर्वाद

वितरित की मिठाइयाँ व उपहार

न्यूज़ डेस्क, जिला पश्चिम चंपारण

मोहन सिंह

–  अमिट लेख

बेतिया, (ए.एल.न्यूज़)। दीपावली के अवसर पर नगर निगम, बेतिया की एक मानवीय और प्रेरणादायी पहल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। दीपावली के दिन सोमवार को नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया, लक्ष्मण तिवारी (भा.प्र.से.) एवं उनकी धर्मपत्नी (आईपीएस) ने मुख्यमंत्री वृद्धजन आश्रय स्थल, बड़ा रमना मैदान स्थित अनाथालय परिसर में उपस्थित वृद्धजनों के साथ दीप उत्सव मनाया।

फोटो : मोहन सिंह

इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों से आशीर्वाद लिया, दीप प्रज्वलित किए, मिठाइयाँ और उपहार वितरित किए तथा सभी को ’स्वच्छ, हरित और सुरक्षित दीपावली’ मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात नगर आयुक्त दंपत्ति ने वृद्धजनों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं। वृद्धाश्रम का वातावरण दीपों की रोशनी और उल्लास से आलोकित हो उठा। नगर आयुक्त श्री तिवारी ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद किया, उनका हालचाल जाना और उनके अनुभवों को सुनकर भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं।

छाया : अमिट लेख

उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन ही समाज के लिए प्रेरणा-स्रोत हैं। ऐसे अवसरों पर उनके साथ समय बिताना और त्योहार मनाना सच्ची मानवता, संवेदनशीलता और करुणा का प्रतीक है। नगर आयुक्त ने इस अवसर पर सभी नागरिकों से अपील की कि वे दीपावली को केवल रोशनी और उत्सव का नहीं, बल्कि स्वच्छता, हरियाली और सुरक्षा का पर्व बनाएं। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी से पर्यावरण को नुकसान पहुँचता है, इसलिए सभी नागरिक पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का संकल्प लें और अपने घरों व आसपास सफाई बनाए रखें। वृद्धजन भी नगर आयुक्त दंपत्ति के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से अत्यंत प्रसन्न और उत्साहित दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि इतने स्नेह और आदर के साथ कोई अधिकारी उनके बीच आया है, यह उनके लिए अत्यंत भावुक क्षण है। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता की। सभी ने वृद्धजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके साथ मिलकर दीप जलाए। आश्रय स्थल का परिसर दीपों की रौशनी, मिठाइयों की खुशबू और आत्मीयता के भाव से भर उठा। अधीक्षक आदित्य कुमार मधुकर सहित वृद्धाश्रम के समस्त कर्मी एवं नगर निगम के कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त द्वारा सभी वृद्धजनों को दीपावली उपहार, मिठाइयाँ और फल वितरित किए गए।

Leave a Reply

Recent Post