छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
रसूलपुर में प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क किनारे का बुलडोजर से हटवाया अतिक्रमण
नाले के ऊपर अवैध रूप से बनाए गए रसूलपुर चट्टी निवासी पप्पू श्रीवास्तव के गेट एवं चहारदीवारी को भी गिरा दिया गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा/रसूलपुर, (सारण)। एकमा प्रखंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तीसरे दिन गुरुवार को रसूलपुर बाजार स्थित रसूलपुर-चैनपुर सड़क पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।

इस दौरान एसएच-25 के दोनों ओर नाले तक फैले अतिक्रमण को बुलडोजर की सहायता से हटाया गया। अभियान के दौरान दुकानों के सामने बनी सीढ़ियां, चापाकल व सड़क पर लगाए गए साइन बोर्डों को ध्वस्त कर दिया गया।

इसके साथ ही नाले के ऊपर अवैध रूप से बनाए गए रसूलपुर चट्टी निवासी पप्पू श्रीवास्तव के गेट एवं चहारदीवारी को भी गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मूकदर्शक बने रहे, जबकि कई फुटपाथी व्यवसायियों का कारोबार प्रभावित रहा।

अभियान का नेतृत्व डॉ बीडीओ अरुण कुमार, सीओ अमलेश कुमार, राजस्व पदाधिकारी रामप्रवेश साहू, राजस्व कर्मचारी प्रमोद कुमार सिंह, विक्की कुमार ने किया। वहीं सरपंच प्रतिनिधि विकास कुमार व रसूलपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार श्रीवास्तव सशस्त्र पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे।

पदाधिकारियों ने बताया कि ठंड व घने कोहरे के कारण अभियान की शुरुआत में देरी हुई, जिस कारण जितना संभव हो सका उतना ही अतिक्रमण हटाया गया। शेष अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई है।

निर्धारित तिथि पर पुनः बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि अतिक्रमण हटने से रोजमर्रा की जाम की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन व्यवस्था सुदृढ़ होगी।








