बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
बजट सत्र के दौरान चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को लेकर विधायक अभिषेक रंजन ने सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को लेकर विधायक अभिषेक रंजन ने सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने नियम 292 (घ) के तहत निवेदन देते हुए चनपटिया नगर क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम तथा चनपटिया प्रखंड में गर्ल्स कॉलेज के निर्माण की मांग उठाई। विधायक ने अपने निवेदन में कहा कि पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया नगर क्षेत्र में खेल गतिविधियों के लिए इंडोर स्टेडियम की कोई समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। जबकि बैडमिंटन और कैरम जैसे खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी इस क्षेत्र में निवास करते हैं। इंडोर खेल सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से नगर क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग की। इसके साथ ही विधायक ने चनपटिया प्रखंड में छात्राओं की उच्च शिक्षा की समस्या को भी गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में गर्ल्स कॉलेज नहीं होने के कारण छात्राओं को 15 से 25 किलोमीटर तक दूर जाकर पढ़ाई करनी पड़ती है, जिससे कई छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित हो जाती हैं। उन्होंने सरकार से छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए चनपटिया में गर्ल्स कॉलेज निर्माण कराने की मांग की। विधायक ने कहा कि इन दोनों योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के युवाओं और छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।








