बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आम नागरिकों तक उनके निवास स्थान के समीप त्वरित, सुलभ एवं प्रभावकारी रूप में उपलब्ध कराना है उदेश्य
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिले के नौतन प्रखंड अंतर्गत बैकुंठवा ग्राम पंचायत राज में 19 फरवरी 2026 को “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सीधे उनके द्वार तक पहुंचाना है। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य यह है कि आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी विभाग मौके पर ही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ मिले, यही प्रशासन की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, आवास योजना, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र, मनरेगा, कृषि, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कई मामलों में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण एवं आवेदन की सुविधा भी दी जाएगी। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम, बेतिया एवं पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं, साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और पंचायत कर्मियों को भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने नौतन प्रखंड के बैकुंठवा ग्राम पंचायत राज के सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे 19 फरवरी को आयोजित होने वाले “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रशासनिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।








