बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सोमवारीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी, आपूर्ति, बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, लोक सेवाओं का अधिकार, पंचायती राज, जन सुनवाई, प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम, सहकारिता, विद्युत, नीलाम पत्र, खनन, ग्रामीण कार्य विभाग, आइसीडीएस सहित विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण योजना है, जिससे आम जनता को सीधे लाभ मिल रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि इस कार्यक्रम से संबंधित सभी प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने निर्देश दिया कि पीएम सूर्यघर योजना के तहत जिले के चिन्हित स्थलों पर वर्कशॉप का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों और लाभान्वित किए गए मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, जिससे योजना का लाभ समय पर पात्र लाभुकों तक पहुंच सके। नीलाम पत्र वाद की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने थानास्तर पर समन्वय स्थापित कर मामलों के प्रभावी अनुपालन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि राजस्व वसूली में तेजी लाई जा सके। समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने डीपीओ आइसीडीएस को निर्देश दिया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों के केन्द्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कराने का भी निर्देश दिया और कहा कि लाभुकों को सरकार द्वारा देय सभी सुविधाएं समय पर हर हाल में मिलनी चाहिए। अपर समाहर्ता ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत को निर्देश दिया कि जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि केन्द्रों का संचालन बेहतर ढंग से हो सके। इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।








