बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
लक्ष्य के अनुरूप टेक्सों की वसूली के साथ सभी सैरातों को मार्च में ही वर्ष 2026-27 के लिए बंदोबस्त करने का प्रस्ताव पारित
सशक्त स्थायी समिति और नगर निगम बोर्ड की विगत बैठकों की कार्रवाई में पारित प्रस्तावों को नगर निगम बोर्ड द्वारा दी गई बहुमत से संपुष्टि
बीते वर्षों में महालेखाकार कार्यालय की आडिट रिपोर्ट की आपत्तियों का निराकरण करने का भी प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड द्वारा किया गया पारित
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि गुरुवार को सम्पन्न नगर निगम बोर्ड की बैठक में लक्ष्य के अनुरूप प्रॉपर्टी और अन्य टेक्सों की वसूली के साथ नगर निगम के सभी सैरातों मार्च के महीने में वर्ष 2026-27 के लिए बंदोबस्ती प्रक्रिया पूरी करने का प्रस्ताव पारित किया है।
महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि इसके साथ ही सशक्त स्थायी समिति और नगर निगम बोर्ड के पूर्ववर्ती बैठकों की कुछेक मुद्दों को छोड़कर स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है। वही माननीय सर्वोच्च न्यायालय के न्यायिक आदेश के आलोक में नगर निगम क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमलों और रेबीज के बढ़ते मामलों पर रोकथाम की प्रभावी कार्रवाई का भी प्रस्ताव पारित किया है। इसके बाबत महापौर सुप्रीम कोर्ट की चिंता को लोक कल्याणकारी बताते हुए कहा कि आदेश के अनुरूप एक माह के अंदर शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक स्थल, बाजार और जन सामान्य के आवागमन वाले स्थानों से आवारा कुत्तों से मुक्त बनाया जाएगा। नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित किए गए प्रस्ताव के आलोक में महापौर ने बताया कि कोर्ट के न्यायिक आदेश को लेकर नगर निगम क्षेत्र के आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित एबीसी सेंटर के माध्यम से टीकाकरण के बाद डॉग शेल्टर में रखा जाएगा। इसके लिए नगर के घुसुकपुर मुहल्ले में स्थित नगर निगम के निजी भूखंड के आवश्यक भूखंड पर एबीसी सेंटर बनाया जाएगा। ताकि नगर निगम क्षेत्र के लोगों और आगंतुकों को आवारा कुत्तों की समस्या से बचाया जा सके। वही बैठक में पारित अन्य प्रस्तावों के बाबत महापौर ने बताया कि बीते वर्षों में महालेखाकार कार्यालय बिहार की आडिट रिपोर्ट की आपत्तियों का त्वरित निराकरण की कार्रवाई करने का भी प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित किया गया है।








